सिंगरौली के एनटीपीसी संयंत्र में कार्य के दौरान श्रमिक की अचानक मौत, परिजनों ने किया हंगामा
सिंगरौली (मध्य प्रदेश)। के सिंगरौली जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। विंध्यनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित एनटीपीसी विंध्याचल (NTPC Vindhyachal) परिसर में काम के दौरान एक श्रमिक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों के विरोध और हंगामे को देखते हुए कंपनी प्रबंधन ने पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की है।
अचानक तबीयत गंभीर रूप से हुई खराब
मृतक की पहचान झारखंड निवासी संदीप यादव के रूप में हुई है, जो एनटीपीसी में ठेका कंपनी एलएंडटी (L&T) के तहत श्रमिक के रूप में कार्यरत था। जानकारी के मुताबिक, संदीप हमेशा की तरह अपने काम पर तैनात था, तभी अचानक उसकी तबीयत गंभीर रूप से खराब हो गई। कार्यस्थल पर मौजूद साथी कर्मचारियों ने तुरंत तत्परता दिखाई और उसे इलाज के लिए नजदीकी जिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान उसकी सांसें थम गईं।
आक्रोशित परिजन तुरंत कंपनी पहुंचे
श्रमिक की मौत की खबर जैसे ही उसके परिजनों तक पहुंची, वे सदमे में आ गए। आक्रोशित परिजन तुरंत कंपनी पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सहायता राशि की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। स्थिति को बिगड़ता देख कंपनी प्रबंधन ने परिजनों के साथ बातचीत की और त्वरित राहत के रूप में ₹5 लाख नगद देने की बात कही, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
स्थानीय पुलिस प्रशासन भी हरकत में आई
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन भी हरकत में आ गया। फिलहाल जिला अस्पताल में मृतक संदीप यादव के शव का पोस्टमार्टम (PM) कराया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले का मर्ग कायम कर जांच में जुट गई है।
यह भी पढ़ेंः समस्तीपुर में छेड़खानी की शिकायत पर कार्रवाई करने गई पुलिस पर भड़का युवक