कोरबा में मजदूरों से भरी पिकअप पलटी, पेड़ से टकराने पर तीन महिला मजदूर गंभीर घायल
कोरबा,(छत्तीसगढ़)। जिला मुख्यालय से लगे उपनगरीय क्षेत्र रजगामार में आज सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। दरगा गांव से मजदूरों को लेकर गोढ़ी स्थित कार्बन फैक्ट्री जा रही एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन बनखेता गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई और सीधे एक पेड़ से जा टकराई। इस दर्दनाक हादसे में पिकअप सवार तीन महिला मजदूरों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है, जबकि कई अन्य को मामूली चोटें आई हैं।
नियमों को ठेंगा दिखा रहा था चालक, क्षमता से अधिक थे सवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में रोजाना की तरह क्षमता से अधिक यानी 12 से भी ज्यादा मजदूर सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों और घायलों के मुताबिक, वाहन की रफ्तार बेहद तेज थी और चालक यातायात नियमों को ठेंगा दिखाते हुए गाड़ी दौड़ा रहा था। बनखेता के पास तेज रफ्तार के कारण चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे पिकअप सड़क किनारे पलटते हुए पेड़ से जा भिड़ी।
राहगीरों ने बचाई जान, मची चीख-पुकार
टक्कर इतनी भीषण थी कि हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। कई मजदूर गाड़ी के मलबे के नीचे ही दबे रह गए। घटना को देख सड़क से गुजर रहे राहगीर तुरंत मदद के लिए आगे आए और कड़ी मशक्कत के बाद दबे हुए मजदूरों को बाहर निकाला।
हादसे में ये हुए गंभीर रूप से घायल
इस हादसे में दरगा गांव की निवासी उर्मिला कंवर, अंजलि कंवर और सरिता मांझी को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें तुरंत अस्पताल दाखिल कराया गया है। हादसे की शिकार एक अन्य घायल मजदूर सविता ने बताया कि वे सभी रोज की तरह सुबह गांव से कार्बन फैक्ट्री में काम करने के लिए निकले थे। आसपास के ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र की फैक्ट्रियों में स्थानीय ग्रामीणों को इसी तरह वाहनों में भरकर लाया और छोड़ा जाता है, जिससे अक्सर हादसे का डर बना रहता है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने जाना घायलों का हाल
दुर्घटना की सूचना मिलते ही रजगामार चौकी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) लखन पटले ने भी घटना स्थल और अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और घायलों का हाल-चाल जाना है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ेंः डोंगरगढ़ में पहली बारिश से जलभराव, नालियों की बदहाल व्यवस्था आई सामने