32 कैंचियों से बाल काटकर दर्ज किए 3 वर्ल्ड रिकॉर्ड
उज्जैन। उज्जैन शहर के एक युवा हेयर स्टाइलिस्ट, आदित्य देवड़ा ने अपनी अद्भुत कला से पूरी दुनिया में सनसनी फैला दी है। आदित्य ने एक साथ 32 कैंचियों का उपयोग कर हेयरकट करने का अनोखा कारनामा कर दिखाया है, जिसके लिए उनका नाम एक साथ तीन प्रतिष्ठित रिकॉर्ड बुक्स में दर्ज किया गया है।
आदित्य के हुनर को मान्यता देते हुए उनका नाम इंडिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स, गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स और लंदन की वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया।
सोशल मीडिया से मिली प्रेरणा
आदित्य ने बताया कि इस अनोखे हुनर की प्रेरणा उन्हें सोशल मीडिया पर एक चीन (China) के हेयर स्टाइलिस्ट का वीडियो देखकर मिली थी। उस वीडियो से प्रेरित होकर उन्होंने अभ्यास शुरू किया। उन्होंने अपनी मेहनत से न केवल उस तकनीक को सीखा, बल्कि उससे भी आगे बढ़कर 28 से लेकर 32 कैंचियों को एक साथ चलाने में महारत हासिल की।
एमबीए के बाद पारिवारिक व्यवसाय को चुना
दिलचस्प बात यह है कि आदित्य MBA पास आउट हैं। उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद किसी मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी करने के बजाय, उन्होंने अपने पारिवारिक व्यवसाय को चुना और उसमें कुछ अलग करने की ठानी। उनकी इस उपलब्धि के बाद उन्हें देश और विदेश से निरंतर सराहना और सम्मान मिल रहा है। आदित्य देवड़ा ने कहा, मेरा लक्ष्य हमेशा से कुछ अलग करना था ताकि मैं अपने शहर उज्जैन का नाम विश्व स्तर पर रोशन कर सकूं।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/if-the-police-take-any-action-know-what-avimukteshwarananda-said/145290