यूपीआईटीएस में दिखी यीडा की 25 वर्षों की विकास यात्रा, वैश्विक सिटी तक का रोडमैप प्रदर्शित
ग्रेटर नोएडा (उत्तर प्रदेश)। ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) की 25 वर्षों की विकास यात्रा प्रदर्शित की जा रही है। एक्सपो मार्ट के हॉल नंबर-3 में लगाए गए यीडा के स्टाल पर वर्तमान विकास के साथ भविष्य की प्रमुख परियोजनाओं और योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। स्टाल पर वर्ष 2041 के प्रथम चरण के मास्टर प्लान का मॉडल आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। मॉडल के जरिए यीडा के विभिन्न सेक्टरों, औद्योगिक क्षेत्रों और कनेक्टिविटी नेटवर्क को प्रदर्शित किया गया है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का मॉडल भी आकर्षण का केंद्र
यीडा के स्टाल पर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का मॉडल भी रखा गया है। इसके जरिए क्षेत्र में विकसित हो रहे आधुनिक परिवहन और लॉजिस्टिक इकोसिस्टम को प्रदर्शित किया गया है। स्टाल पर पोस्टरों के माध्यम से पिछले एक वर्ष में हुए प्रमुख औद्योगिक आवंटनों और प्राधिकरण क्षेत्र में आए निवेश की जानकारी भी दी जा रही है। इससे आगंतुकों को यीडा क्षेत्र में औद्योगिक विकास की तस्वीर देखने को मिल रही है।
फिल्म सिटी से मेडिकल डिवाइसेज पार्क तक परियोजनाएं प्रदर्शित
प्रदर्शनी में इंटरनेशनल फिल्म सिटी, फिनटेक सिटी, अपैरल पार्क, टॉय पार्क, मेडिकल डिवाइसेज पार्क, हैंडीक्राफ्ट पार्क, लॉजिस्टिक पार्क और हेरिटेज सिटी जैसी परियोजनाओं को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। इसके अलावा भविष्य की योजनाओं में जापान सिटी सेक्टर-5ए, कोरियन सिटी सेक्टर-4ए, सिंगापुर सिटी सेक्टर-7 और ताइवान सिटी सेक्टर-6 की योजनाएं भी दिखाई गई हैं। प्रस्तावित इंटरनेशनल स्टेडियम सेक्टर-23डी, आईएसबीटी सेक्टर-23सी तथा सेक्टर-13 और 14 में प्रस्तावित मेडिकल हब को भी प्रदर्शित किया गया है।
एक ही मंच पर यीडा की विकास योजनाओं की तस्वीर
ट्रेड शो के पहले दिन औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने यीडा के स्टाल का उद्घाटन किया और विकास मॉडल एवं प्रदर्शनी का अवलोकन किया। यीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने विभिन्न उद्योगपतियों से संवाद कर प्राधिकरण की परियोजनाओं और निवेश अवसरों की जानकारी दी।
उन्होंने औद्योगिक विकास आयुक्त दीपक कुमार का स्टाल पर स्वागत किया और विभिन्न विकास योजनाओं एवं परियोजनाओं की प्रगति से भी अवगत कराया। शनिवार को उत्तर प्रदेश सरकार के अपर मुख्य सचिव, उद्योग विभाग एवं यीडा के अध्यक्ष आलोक कुमार ने भी स्टाल का भ्रमण कर प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
उद्योगपतियों और निवेशकों के लिए आकर्षण बना स्टाल
इस दौरान इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर के चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार भी मौजूद रहे। यीडा का स्टाल ट्रेड शो में आने वाले उद्योगपतियों, निवेशकों, मीडिया प्रतिनिधियों और आगंतुकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। स्टाल पर उत्तर प्रदेश की नई औद्योगिक तस्वीर के साथ निवेश, औद्योगिक बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी और वैश्विक औद्योगिक साझेदारी से जुड़ी यीडा क्षेत्र की विकास योजनाओं को प्रदर्शित किया जा रहा है।