काशी में गंगा की गोद में योग, क्रूज पर सवार होकर ध्यान में लीन दिखे लोग
वाराणसी, (उत्तर प्रदेश)। वाराणसी में 12वीं अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर विभिन्न प्रकार के आयोजन हो रहे हैं। काशी के सभी 84 घाटों पर लोग योग मुद्राओं में बैठे नजर आए। ऐसे में कुछ ऐसे भी लोग थे जो गंगा नदी में नाव पर सवार होकर योग कर रहे थे। योग दिवस को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। एक तरफ नगर निगम की तरफ से संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में कार्यक्रम का आयोजन कराया गया तो वही प्रशासनिक अधिकारियों ने नमो घाट पर योग किया।
बाजरे पर सवार होकर लोगों ने किया योग
धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर तरह-तरह के आयोजन हो रहे हैं। वहीं गंगा नदी में एक अद्भुत नजारा देखने को मिला, जब बाजरे पर सवार होकर लोग योग करते नजर आए। लोगों में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर काफी उत्साह था। योग करने वाले लोगों ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की नीव देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रखी थी और यह सौभाग्य की बात है कि वह काशी के सांसद भी हैं, ऐसे में काशी की धरती से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर एक विशेष संदेश देने का प्रयास किया गया है।
योग शरीर को स्वस्थ रखने में करता मदद
योग गुरु ऐश्वर्या सेठ ने बताया कि स्वस्थ शरीर में ही स्वच्छ मन का वास होता है। ऐसे में योग एक ऐसी साधना है जो शरीर को स्वस्थ रखने में मदद करती है। उन्होंने कहा कि सिर्फ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर ही नहीं बल्कि लोगों को स्वस्थ रहने के लिए प्रतिदिन कुछ समय निकालकर योग करना चाहिए। योग करने वाले लोगों को बीमारियों का खतरा भी नहीं रहता है। ऐसे में जब इंसान ध्यान की मुद्रा में होता है तो उसकी सभी इंद्रियां जागृत रहती हैं। उन्होंने लोगों से आवाहन किया है,कि प्रतिदिन सिर्फ 30 मिनट का समय निकालकर योग और ध्यान करें।
यह भी पढ़ेंः अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर रमन सिंह का राहुल गांधी पर तंज; बोले- राहुल गांधी को भी अनुलोम-विलोम करना चाहिए