मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनपद भ्रमण कार्यक्रम के

मुख्यमंत्री योगी ने श्री दूधेश्वरनाथ महादेव मठ मंदिर में किया जलाभिषेक, बटुकों व साधु-संतों से किया संवाद

Yogi Adityanath Offers Prayers at Historic Dudheshwarnath Temple

गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनपद भ्रमण कार्यक्रम के तहत शनिवार सुबह ऐतिहासिक एवं पौराणिक महत्व के श्री दूधेश्वरनाथ महादेव मठ मंदिर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भगवान शिव का विशेष पूजन-अर्चन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मठ परिसर में विराजमान संत-महात्माओं का कुशलक्षेम पूछा।

वेदपाठी बटुकों से संवाद और सनातन ज्ञान परंपरा का महत्व

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंदिर परिसर में वेदाध्ययन कर रहे वेदपाठी बटुकों एवं संस्कृत शिक्षार्थियों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए भारतीय ज्ञान परंपरा, वैदिक संस्कृति एवं संस्कृत भाषा के संरक्षण एवं संवर्धन को राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्कृत केवल भाषा नहीं, बल्कि भारत की सनातन ज्ञानधारा की वाहिका है, जिसके माध्यम से हमारी सांस्कृतिक चेतना और आध्यात्मिक विरासत पीढ़ी-दर-पीढ़ी संरक्षित होती आई है।

संतों से चर्चा और दूधेश्वरनाथ मंदिर का इतिहास

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मठ एवं मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मंदिर आगमन पर वेदपाठी बटुकों द्वारा वैदिक स्वस्तिवाचन एवं पुष्पवर्षा के साथ उनका स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने संत समाज के साथ प्रदेश में शांति, सद्भाव, सांस्कृतिक उत्थान एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की। इस अवसर पर मंदिर के पीठाधीश्वर, संत समाज एवं श्रद्धालुजन उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि श्री दूधेश्वरनाथ महादेव मठ मंदिर गाजियाबाद का एक प्राचीन एवं ऐतिहासिक शिवधाम है, जो सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक साधना एवं वैदिक परंपरा का प्रमुख केंद्र माना जाता है। ​(Published By: Ravi Pandey)

यह भी पढ़ें: बांग्लादेश में हिंदू युवक की गिरफ्तारी के खिलाफ ढाका में प्रदर्शन, अल्पसंख्यकों ने देशव्यापी आंदोलन की दी चेतावनी