रायबरेली में CM योगी का दौरा, 2. 50 करोड़ के अत्याधुनिक ऑडिटोरियम का करेंगे लोकार्पण
रायबरेली: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 24 अगस्त को प्रस्तावित रायबरेली दौरा महज विकास योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास तक सीमित नहीं माना जा रहा है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र में मुख्यमंत्री का आगमन ऐसे समय हो रहा है, जब विधानसभा चुनाव 2027 की सियासी बिसात बिछनी शुरू हो चुकी है। ऐसे में योगी की जनसभा को भाजपा के मिशन-2027 के लिए बड़ा सियासी संदेश माना जा रहा है।
सीएम योगी अत्याधुनिक ऑडिटोरियम का करेंगे लोकार्पण
मुख्यमंत्री एक दिवसीय दौरे में करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राना बेनी माधव बक्स सिंह के नाम पर बने अत्याधुनिक ऑडिटोरियम का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी प्रस्तावित है। फिरोज गांधी कॉलेज मैदान में होने वाली जनसभा में मुख्यमंत्री सरकार की उपलब्धियां और विकास कार्य जनता के सामने रखेंगे। भाजपा संगठन ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है।
लंबे समय से गांधी परिवार का गढ़ रहा रायबरेली शहर
रायबरेली लंबे समय से गांधी परिवार का मजबूत राजनीतिक गढ़ रहा है। भाजपा पिछले कुछ वर्षों से यहां अपना आधार मजबूत करने में जुटी है। 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को सदर और सलोन सीट पर जीत मिली थी, जबकि अन्य सीटों पर विपक्षी दलों ने कब्जा जमाया था। लोकसभा चुनाव में भी भाजपा ने पूरी ताकत लगाई, लेकिन सीट पर सफलता हासिल नहीं कर सकी। ऐसे में मुख्यमंत्री का दौरा भाजपा के लिए संगठन को धार देने और कार्यकर्ताओं में जोश भरने का मौका भी माना जा रहा है।
विकास और सुशासन के जरिए 2027 की चुनावी तैयारी तेज
भाजपा की रणनीति विकास और सुशासन के मुद्दों को केंद्र में रखकर जनता तक पहुंचने की है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में एक ओर विकास परियोजनाओं की सौगात होगी तो दूसरी ओर विशाल जनसभा के जरिये राजनीतिक संदेश देने की तैयारी है। पार्टी नेतृत्व की कोशिश है कि सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों को सीधे जनता से जोड़कर 2027 के चुनावी माहौल में भाजपा के पक्ष में माहौल बनाया जाए।
ये भी पढ़ें- सोमालिया के पास अगवा जहाजों पर सवार 22 भारतीय नाविक सुरक्षित