लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ न

यूपी में योगी कैबिनेट का रविवार को हो सकता है विस्तार

यूपी में योगी कैबिनेट का रविवार को हो सकता है विस्तार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से आज जन भवन में मुलाकात की। सीएम योगी ने मुलाकात के दौरान राज्यपाल को लालचंद राम द्वारा लिखित पुस्तक "भारतीय ज्ञान परंपरा अवधारणा" पुस्तक भेंट की। सीएम की राज्यपाल से मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया जा रहा है। लेकिन इस मुलाकात के बाद राज्य में बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार की संभावना बलवती हो गयी है। 

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार योगी कैबिनेट का विस्तार रविवार (10 मई) को अपराह्न साढ़े 3 बजे हो सकता है। माना जा रहा है कि राज्य में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पूर्व होने वाले अंतिम कैबिनेट विस्तार में छह मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। हालांकि बीजेपी के अंदरूनी सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार योगी कैबिनेट विस्तार के साथ ही कुछ मंत्रियों को भी हटाया जा सकता है। बताया जा रहा है कि कम दो - तीन मंत्रियों को संगठन में भेजा जा सकता है। अगर ऐसा होता है तो शनिवार को मंत्री पद की शपथ लेने वाले नेताओं की संख्या बढ़ भी सकती है।

सीएम योगी के मंत्रिमंडल विस्तार में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी का मंत्री बनाया जाना लगभग तय है। इसके अलावा कृष्णा पासवान और सुरेन्द्र दिलेर का मंत्री बनना भी लगभग तय माना जा रहा है। हंसराज विश्वकर्मा और आशा मौर्य और समाजवादी पार्टी से बगावत करने वाले मनोज पांडेय को भी मंत्री बनाया जा सकता है। बताया जाता है कि कैबिनेट में शामिल होने वाले संभावित मंत्रियों को राजधानी में रहने के निर्देश दिए गए हैं। इनमें से कुछ ने आज सीएम योगी से मुलाकात भी की है।

कैबिनेट विस्तार के बाद पुराने मंत्रियों के विभागों में भी फेरबदल सकता है। इस फेरबदल में कुछ मंत्रियों का प्रमोशन भी होगा जबकि कुछ के पर कतरे जा सकते हैं। पश्चिम बंगाल चुनाव में प्रचार प्रसार करने वाले दो राज्यमंत्रियों का दर्जा बढ़ाये जाने की भी संभावना है। फेरबदल में सीएम योगी के एक करीबी मंत्री और दिल्ली के नजदीकी एक मंत्री के विभाग में कटौती की जा सकती है। साथ ही पूर्वांचल के दो ओबीसी चेहरों का ओहदा बढ़ाया जा सकता है।

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी लखनऊ से बाहर के रविवार के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिये हैं। साथ ही यह जानकारी भी सामने आ रही है कि सभी मंत्रियों को 3 बजे तक लोक भवन पहुंचने के लिए कहा गया है। उत्तर प्रदेश के मंत्रिमंडल में फिलहाल 6 मंत्रियों की जगह रिक्त है। सीएम योगी की कैबिनेट में फिलहाल 54 मंत्री हैं। विस्तार के बाद अब सरकार में कुल 60 मंत्री हो सकते हैं।

यह भी पढे़ं : https://www.primenewsnetwork.in/state/hc-stays-new-ro-aro-appointments-in-up/203105