योगी सरकार बुनकरों को देगी सरकारी खरीद का स्थायी बाजार, अस्पतालों में हथकरघा उत्पादों की आपूर्ति की तैयारी
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। योगी सरकार प्रदेश के बुनकरों को सरकारी खरीद के जरिए स्थायी और बड़ा बाजार उपलब्ध कराने की तैयारी में है। सरकारी अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और अन्य चिकित्सा संस्थानों में हथकरघा निर्मित बेडशीट, तकिया कवर और गॉज बैंडेज क्लॉथ की खरीद एवं आपूर्ति की कार्ययोजना अंतिम चरण में पहुंच गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुपालन में मंत्री राकेश सचान ने समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता मानकों का पालन और समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस पहल से बुनकरों को नियमित बाजार और रोजगार मिलने के साथ नई पीढ़ी को पारंपरिक बुनकरी व्यवसाय से जोड़ने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर हुई समीक्षा बैठकें
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 07 अगस्त 2026 को लोकभवन, लखनऊ में आयोजित राष्ट्रीय हथकरघा दिवस कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग सहित सरकारी विभागों और शासकीय उपक्रमों में प्रमुख रूप से इस्तेमाल होने वाले बेडशीट एवं गॉज बैंडेज की खरीद सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए थे।
इन निर्देशों के अनुपालन में मंत्री राकेश सचान की अध्यक्षता में समीक्षा बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में स्वास्थ्य विभाग और संबंधित अधिकारियों के साथ सरकारी संस्थानों की आवश्यकताओं, उत्पादों की गुणवत्ता, निर्धारित मानकों, मांग एवं आपूर्ति की प्रक्रिया तथा समयबद्ध क्रय व्यवस्था पर विचार-विमर्श किया गया।
सरकारी खरीद से बुनकरों को मिलेगा बड़ा बाजार
मंत्री राकेश सचान ने कहा कि सरकार का उद्देश्य हथकरघा उत्पादों की सरकारी खरीद को केवल एक क्रय प्रक्रिया तक सीमित रखना नहीं है। इसके माध्यम से प्रदेश के बुनकर परिवारों को निरंतर रोजगार, स्थायी बाजार और आर्थिक मजबूती प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि सरकारी संस्थानों में स्थानीय बुनकरों द्वारा निर्मित गुणवत्तापूर्ण उत्पादों की खरीद बढ़ने से बुनकरों के उत्पादों को बड़ा बाजार मिलेगा और बुनकरी क्षेत्र को नई गति प्राप्त होगी।
हथकरघा निगम के माध्यम से होगी आपूर्ति
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत उत्तर प्रदेश राज्य हथकरघा निगम लिमिटेड के माध्यम से सरकारी अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और अन्य संबंधित चिकित्सा संस्थानों में आवश्यकता के अनुसार बेडशीट, तकिया कवर एवं गॉज बैंडेज क्लॉथ की आपूर्ति सुनिश्चित करने की व्यवस्था विकसित की जा रही है। इसके लिए प्रदेश के बुनकरों और बुनकर सहकारी समितियों से निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण उत्पादन कराया जाएगा। व्यवस्था का उद्देश्य सरकारी संस्थानों की जरूरतों की पूर्ति के साथ बुनकरों को नियमित बाजार उपलब्ध कराना है।
गुणवत्ता और समयबद्ध आपूर्ति पर जोर
मंत्री राकेश सचान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी संस्थानों को उपलब्ध कराए जाने वाले सभी उत्पाद निर्धारित विशिष्टियों और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हों। इसके लिए गुणवत्ता परीक्षण, दर निर्धारण, मांग प्राप्त करने, क्रय आदेश जारी करने, भुगतान और समयबद्ध आपूर्ति की प्रक्रिया को स्पष्ट एवं प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया इस तरह संचालित होनी चाहिए कि सरकारी संस्थानों की आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ बुनकरों को नियमित बाजार भी मिलता रहे।
नई पीढ़ी को बुनकरी से जोड़ने में मिलेगी मदद
राकेश सचान ने कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में बुनकर परिवार हथकरघा व्यवसाय से जुड़े हैं। सरकारी खरीद के माध्यम से सुनिश्चित बाजार मिलने से उनके उत्पादों की मांग बढ़ेगी और रोजगार के अवसर मजबूत होंगे। उन्होंने कहा कि बुनकरों को अपने उत्पाद की सुनिश्चित बिक्री और बाजार मिलेगा तो परंपरागत बुनकरी व्यवसाय से प्रदेश की युवा पीढ़ी को जोड़ने में भी मदद मिलेगी। इससे प्रदेश की समृद्ध हथकरघा परंपरा को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
बैठक में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में प्रमुख सचिव हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग अनिल सागर, विशेष सचिव शेषमणि पांडेय और संयुक्त आयुक्त पी.सी. ठाकुर सहित चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें: एनआईसी उत्तराखंड ने जन परिचय पर आयोजित की कार्यशाला, 100 से अधिक अधिकारियों ने किया प्रतिभाग