सेवा संकल्प अभियान को लेकर योगी सरकार की बड़ी तैयारी, 25 सितंबर से चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ और जन सेवा पर्व को लेकर योगी सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर विकास मंत्री एके शर्मा की अध्यक्षता में हुई अंतरविभागीय बैठक में स्वच्छता, जनसेवा और जनभागीदारी बढ़ाने के लिए कई अहम निर्देश दिए गए। सभी विभागों में नोडल अधिकारी नामित कर उनके मोबाइल नंबर सार्वजनिक किए जाएंगे, जबकि डिजिटल बोर्ड, डिजिटल लाइब्रेरी और ‘सेवा सेतु’ कैंप के जरिए सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। 25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के साथ 17 सितंबर को प्रमुख भवनों और सार्वजनिक स्थलों को रोशन करने की भी तैयारी है।
हर विभाग में नोडल अधिकारी होंगे नामित
नगर विकास मंत्री ने सभी विभागों को एक नोडल अधिकारी नामित करने और उसका मोबाइल नंबर सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। इससे अभियान के दौरान विभागों के बीच बेहतर समन्वय और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान में मदद मिलेगी। सभी नगर निगमों, नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों को अपने उपलब्ध सभागार एवं अन्य संसाधन एक माह तक चलने वाले कार्यक्रमों के लिए उपलब्ध कराने को कहा गया है। 15 सितंबर से पहले सभी पार्षदों की बैठक आयोजित कर उन्हें अभियान की जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
डिजिटल बोर्ड और सेवा सेतु कैंप से होगा प्रचार
मंत्री एके शर्मा ने नगर निकायों में उपलब्ध डिजिटल बोर्डों पर संस्कृति विभाग की ओर से उपलब्ध कराए गए वीडियो चलाने के निर्देश दिए। इनके माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। डिजिटल लाइब्रेरी वाले नगर निकायों और ग्राम पंचायतों में भी विशेष प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके अलावा सभी नगर निकायों में सेवा सेतु के अंतर्गत कैंप लगाकर पात्र नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।
17 सितंबर को दीप प्रज्ज्वलन और भवनों की सजावट
मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम सूर्य घर योजना समेत अन्य सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को 17 सितंबर को दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर शुभकामनाएं देने के लिए प्रेरित करने को कहा। नगरों में स्कूल, कॉलेज, बड़े अस्पताल और प्रमुख सरकारी एवं सार्वजनिक भवनों को प्रकाश व्यवस्था से सजाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सभी सरकारी कार्यालयों को स्वच्छ एवं सुंदर रखने पर जोर दिया गया है।
25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक विशेष स्वच्छता अभियान
बैठक में वाराणसी से वडनगर, गुजरात तक प्रस्तावित यात्रा के मार्ग में आने वाले सभी जिलों में विशेष स्वच्छता व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। यात्रा मार्ग के प्रमुख स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाकर उन्हें स्वच्छ और सुंदर बनाया जाएगा। 25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक अनवरत विशेष स्वच्छता अभियान चलेगा। विभागों और स्थानीय निकायों को अपने कार्यों की डिजिटल रिकॉर्डिंग कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रचारित करने को कहा गया है।
विद्युत समस्याओं के तत्काल समाधान के निर्देश
मंत्री एके शर्मा ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंताओं और अधीक्षण अभियंताओं को अन्य विभागों के साथ समन्वय कर बिजली संबंधी समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्ट्रीट लाइटों के संचालन की नियमित निगरानी करने तथा दिन के समय अनावश्यक रूप से स्ट्रीट लाइटें चालू न रखने को भी कहा।