उत्तर प्रदेश में महज 24 घंटे के भीतर 363 पीसीएस अधिकारियों के हुए तबादले
बांदा: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने एक बार फिर प्रशासनिक महकमे में बड़ा बदलाव कर सियासी और प्रशासनिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। महज 24 घंटे के भीतर 363 पीसीएस अधिकारियों के तबादले कर सरकार ने साफ संकेत दिया है कि प्रशासनिक व्यवस्था को नई गति और नई दिशा देने की तैयारी है। लगातार दो तबादला सूचियां जारी होने के बाद प्रदेशभर में अधिकारियों के बीच चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
किसे कहां भेजा गया
जिले के चार उप जिलाधिकारियों का एक साथ स्थानांतरण कर दिया गया। शासन के आदेशानुसार, नमन मेहता को गोरखपुर, इरफान उल्लाह को कानपुर देहात, राहुल द्विवेदी को मेरठ और शशि भूषण को बलिया भेजा गया है। चारों अधिकारियों को तत्काल नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
363 अधिकारियों का हुआ स्थानांतरण
पहली सूची में 182 और दूसरी सूची में 181 पीसीएस अधिकारियों के तबादले के साथ कुल 363 अधिकारियों का स्थानांतरण हुआ है। इसे हाल के वर्षों का सबसे बड़ा प्रशासनिक फेरबदल माना जा रहा है। शासन का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य प्रशासन को अधिक जवाबदेह, विकास कार्यों को अधिक प्रभावी और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाना है।
कई जिलों में नए प्रशासनिक समीकरण बनने की उम्मीद
इस बड़े फैसले के बाद प्रदेश के कई जिलों में नए प्रशासनिक समीकरण बनने की उम्मीद है। वहीं बांदा में भी अब नए एसडीएम की तैनाती को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में प्रशासनिक कार्यशैली और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन पर इसका असर देखने को मिल सकता है।
ये भी पढ़ें- कांग्रेस ने राष्ट्रपति के नाम भेजा ज्ञापन, राम जन्मभूमि ट्रस्ट की निष्पक्ष जांच की मांग