मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में पीआरडी जवान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में करेंगे PRD जवानों के सम्मेलन का शुभारंभ, खाते में आएगी वर्दी भत्ते की राशि

Uttar Pradesh Chief Minister Yogi Adityanath (File Photo)

गोरखपुर (उत्तर प्रदेश)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 18 अगस्त मंगलवार को गोरखपुर स्थित योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित होने वाले पीआरडी जवानों के सम्मेलन में शामिल होंगे। इस दौरान वे प्रदेशभर के पीआरडी (प्रांतीय रक्षक दल) जवानों के लिए ₹3000 वर्दी भत्ता की धनराशि उनके खातों में अंतरित करेंगे। इसके साथ ही वह पीआरडी स्वयंसेवकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड का वितरण कर 'मुख्यमंत्री पीआरडी परिवार कल्याण योजना' का शुभारंभ करेंगे। वहीं, रिमोट का बटन दबाकर लखनऊ में बनने वाले बहुमंजिला पीआरडी बैरक का शिलान्यास भी करेंगे।

ड्यूटी भत्ता ₹395 से बढ़कर हुआ ₹500

पीआरडी जवानों को पहले ₹395 ड्यूटी भत्ता मिलता था जिसे योगी सरकार ने बढ़ाकर ₹500 प्रतिदिन कर दिया। अब सरकार उनका वर्दी भत्ता भी बढ़ा रही है। साथ ही इलाज संबंधी चिंताओं से मुक्त करते हुए जवानों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड भी उपलब्ध होने जा रहा है। वृद्धि के साथ वर्दी भत्ता की धनराशि का बैंक खातों में अंतरण और कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण का शुभारंभ मंगलवार (18 अगस्त) को सुबह 11 बजे से गोरखपुर में आयोजित पीआरडी जवान सम्मेलन में सीएम योगी द्वारा किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि 1948 में गठित प्रांतीय रक्षक दल के जवान (स्वयंसेवक) थानों, यातायात व्यवस्था में पुलिस का सहयोग करने के साथ विभिन्न शासकीय कार्यालयों, धार्मिक स्थलों और बड़े आयोजनों में ड्यूटी कर सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाने रखने में सहयोग करते हैं। 

31 हजार से अधिक स्वयंसेवक हैं पंजीकृत

वर्तमान में 821 ग्रामीण कंपनियों (विकास खंड स्तर पर) का गठन प्रदेश के समस्त जनपदों में है। विभागीय पोर्टल पर 31,130 पीआरडी जवान पंजीकृत हैं, जिसमें से 2,500 महिला स्वयंसेवक हैं। 29,000 से अधिक पीआरडी स्वयंसेवक कार्यरत हैं, जिसमें से 2,000 महिला स्वयंसेवक हैं। इसके साथ ही वर्तमान में पहली बार प्रदेश के 11 बड़े नगरों लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर नगर, बरेली, आगरा, अलीगढ़, मेरठ, मुरादाबाद एवं गौतमबुद्धनगर में शहरी कम्पनी की स्थापना का प्रावधान किया गया है। ​(Published By: Ravi Pandey)

यह भी पढ़ें: योगी सरकार ने 181 महिला हेल्पलाइन के संचालन के लिए मंजूर की ₹20.70 लाख की दूसरी किस्त