औरंगाबाद में सर्पदंश से युवक की मौत, दो छोटे बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
औरंगाबाद (बिहार)। सर्पदंश से एक युवक की मौत हो गई। ओबरा थाना क्षेत्र में की है। मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के समीप रहने वाले 35 वर्षीय रिंटू के रूप में की गई है। वह लकड़ी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
शनिवार शाम की घटना
जानकारी के अनुसार रिंटू शनिवार की शाम घर से कुछ दूर स्थित खेतों में बकरी चराने गया था। इसी दौरान किसी विषैले सांप ने उसे काट लिया। सर्पदंश के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर वहीं गिर पड़ा। स्थानीय लोगों की नजर जब रिंटू पर पड़ी तो उन्होंने इसकी जानकारी उसके परिजनों को दी।
चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत किया घोषित
परिजन और स्थानीय लोग तत्काल उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओबरा लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद रिंटू को मृत घोषित कर दिया। रिंटू की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
लकड़ी बेचकर परिवार का खर्च चलाता था
बताया गया कि वह लकड़ी बेचकर ही अपने परिवार का खर्च चलाता था। उसकी आमदनी से ही घर का भरण-पोषण होता था। उसकी अचानक मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। मृतक के दो छोटे-छोटे बच्चे है। पिता की मौत से बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस पदाधिकारी के अनुसार मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ेंः लखीसराय में खाद की कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई, 3 दुकानदारों के लाइसेंस निलंबित