जसवंतनगर के पीपरीपुरा गांव में रविवार को जन्मदिन प

जन्मदिन पार्टी से लौट रहे युवक की गोली मारकर हत्या

Young Man Shot Dead While Returning From Birthday Party

जसवंतनगर (उत्तर प्रदेश)। थाना क्षेत्र के पीपरीपुरा गांव में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब 27 वर्षीय राहुल यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि राहुल अपने मित्र की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने के बाद घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसे गोली मार दी गई। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत किया घोषित

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में राहुल को जिला अस्पताल लेकर गए। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी घटना को लेकर तनाव और दहशत का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही जसवंतनगर पुलिस मौके पर पहुंची

सूचना मिलते ही जसवंतनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में पुलिस को हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका नजर आ रही है। मृतक के परिजनों ने परिवार के ही कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

मृतक के परिजनों से ली घटना की जानकारी

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी अभयनाथ त्रिपाठी और सीओ जसवंतनगर आयुषी सिंह जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने मृतक के परिजनों से घटना की जानकारी ली और पुलिस टीम को जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित

पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं। संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद हत्या की असली वजह और वारदात में शामिल लोगों की स्थिति स्पष्ट होगी।

यह भी पढ़ेंः भीमसागर में दर्दनाक सड़क हादसा: 3 की मौत, 4 घायल