सिरोही के आबूरोड में रेलवे ट्रैक के किनारे मिला युवक का शव, चलती ट्रेन से गिरने की आशंका
सिरोही (राजस्थान)। आबूरोड के मावल रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक किनारे एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मावल रेलवे स्टेशन से सूचना मिलने के बाद GRP पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए शव को कब्जे में लिया।
मावल दरगाह के नजदीक पटरी किनारे मिला युवक का शव
जानकारी के अनुसार मावल दरगाह के नजदीक पिलर नंबर 607 के पास रेलवे पटरी के किनारे युवक का शव पड़ा मिला। पुलिस ने मृतक की पहचान कमलेश कुमार माली निवासी सांडेराव, जिला पाली के रूप में की।
चलती ट्रेन से नीचे गिरने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कमलेश कुमार सूर्यनगरी ट्रेन से फालना से वापी की ओर यात्रा कर रहा था। इसी दौरान मावल के पास वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गया होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, युवक किन परिस्थितियों में ट्रेन से गिरा, इसकी वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
शव को राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया
घटनास्थल पर युवक के सिर में गंभीर चोट के साथ शरीर पर रगड़ के निशान भी मिले। सूचना के बाद GRP ने शव को कब्जे में लेकर राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सुपुर्द कर दिया गया।
GRP पुलिस ने मामले की जांच शुरू की
फिलहाल GRP पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक किन परिस्थितियों में चलती ट्रेन से नीचे गिरा। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ेंः रायबरेली के महिला जिला अस्पताल परिसर में वार्ड बॉय की दबंगई, तीमारदार के साथ की मारपीट