रायबरेली में झाड़ियों से मिला युवक का कंकाल, 10 जुलाई से था लापता
रायबरेली (उत्तर प्रदेश)। बछरांवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत शनिवार की दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव से महज 200 मीटर दूर झाड़ियों में एक व्यक्ति का कंकाल बरामद हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हड्डियों के अवशेषों को समेटकर फॉरेंसिक जांच व पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान 10 जुलाई से लापता चल रहे युवक के रूप में हुई है।
झाड़ियों के पास मवेशी चरा रहे लोगों को दिखा नरकंकाल
शनिवार दोपहर करीब तीन बजे गांव के कुछ लोग झाड़ियों के पास मवेशी चरा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर झाड़ियों में पड़े एक नरकंकाल पर पड़ी। यह खबर जंगल में आग की तरह फैली और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
कपड़ों और बेल्ट से बेटे ने की शिनाख्त
घटनास्थल पर मिले कपड़े, बेल्ट और चप्पल के आधार पर कंकाल की पहचान पलही बाजार निवासी नंदलाल (35) पुत्र महादेव के रूप में की गई। परिजनों के अनुसार, नंदलाल बीते 10 जुलाई को संदिग्ध परिस्थितियों में घर से अचानक लापता हो गया था। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला था। मौके पर पहुंचे मृतक के पुत्र ने वहां पड़े कपड़ों और बेल्ट को देखकर अपने पिता की शिनाख्त की।
फांसी का फंदा मिलने से बढ़ा सस्पेंस
कंकाल के पास ही एक पेड़ पर गमछे से बना फांसी का फंदा भी लटका मिला है। इससे मामला और उलझ गया है। ग्रामीण हत्या कर शव को लटकाने या आत्महत्या करने जैसे अलग-अलग कयास लगा रहे हैं।
जांच में जुटी पुलिस?
बछरांवा थाना प्रभारी श्याम कुमार पाल ने बताया कि झाड़ियों से कंकाल मिलने की सूचना पर मौके का मुआयना किया है। अवशेषों को कब्जे में लेकर वैज्ञानिक जांच के लिए भेजा जा रहा है। सभी पहलुओं पर गहनता से छानबीन की जा रही है, जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
यह भी पढ़ेंः जन्मदिन पार्टी से लौट रहे युवक की गोली मारकर हत्या