शादी का वादा कर बनाए शारीरिक संबंध, इनकार के बाद युवती ने दर्ज कराई शिकायत
उमरिया: मध्य प्रदेश में उमरिया जिले के मानपुर थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी उदयभान यादव, पिता रामसरोवर यादव, निवासी ग्राम रक्शा, थाना मानपुर पर आरोप है कि उसने एक युवती को शादी का भरोसा दिलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
शादी का झांसा देकर लंबे समय तक बनाए संबंध
युवती का आरोप है कि आरोपी लंबे समय तक उसे विवाह का विश्वास दिलाता रहा, लेकिन बाद में शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने मानपुर थाना पहुंचकर पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी उदयभान यादव के खिलाफ दुष्कर्म सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी आगे की कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में पीड़िता के बयान दर्ज किए गए हैं। आवश्यक चिकित्सकीय और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि अगर किसी महिला के साथ विवाह का झांसा देकर शारीरिक शोषण किया जाता है और शिकायत में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाते हैं, तो कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाती है।
इस मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही
इसके आगे उन्होंने कहा कि इस मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है। इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में भी चर्चा का माहौल है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस मामले की जांच पूरी गंभीरता से की जा रही है। किसी भी दोषी को कानून के दायरे में लाया जाएगा। फिलहाल आरोपी के संबंध में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
ये भी पढ़ें- मानसून आते ही जंगलों से निकला 'पुटू', उमरिया के ग्रामीणों की बढ़ी कमाई