उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में 23 वर्षीय नेहा का

कासगंज में युवती की गला रेतकर हत्या, रेलवे क्रॉसिंग के पास मिला शव

कासगंज में युवती की गला रेतकर हत्या

कासगंज: उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में घर से लापता हुई 23 वर्षीय एक युवती का शव बुधवार सुबह रेलवे क्रॉसिंग के पास एक ढांचे की छत से बरामद हुआ। पुलिस ने बताया कि महिला की गला रेतकर हत्या की गई है। पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान अशोक नगर निवासी नेहा के रूप में हुई है। वह छह भाई-बहनों में सबसे छोटी थी और मंगलवार देर रात से लापता थी।

फतेह सिंह रेलवे क्रॉसिंग के पास मिला महिला का नग्न शव

पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने बताया कि महिला के परिवार ने आरोप लगाया है कि नेहा अपनी बड़ी बहन निशा को नशीला पदार्थ खिलाकर घर से चली गई थी और करीब तीन लाख रुपये नकद और आभूषण अपने साथ भी ले गई थी। अधिकारी ने बताया कि फतेह सिंह रेलवे क्रॉसिंग के पास से महिला का शव बरामद हुआ। शव पर कपड़े नहीं थे और गर्दन पर धारदार हथियार से किए गए हमले के कई निशान मिले हैं।

पुलिस ने कुछ लोगों को लिया हिरासत में

उन्होंने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांचकर्ता महिला के मोबाइल फोन और उसके संपर्कों की भी जांच कर रहे हैं। साथ ही गायब नकदी और आभूषणों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

ये भी पढ़ें- मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर यात्री बस में लगी आग, सभी यात्री सुरक्षित