मैहर के नरोरा क्षेत्र में शराब की ओवररेट बिक्री का

मैहर में ओवररेट शराब का विरोध करना पड़ा भारी, ठेकेदार के गुर्गों पर युवक से मारपीट का आरोप

Youth Allegedly Attacked for Opposing Overpriced Liquor Sale in Maihar

मैहर (मध्य प्रदेश)। जिले के नरोरा क्षेत्र में शराब ठेकेदारों की दबंगई और अवैध गतिविधियों का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नरोरा क्षेत्र में संचालित एक कथित अवैध शराब दुकान में ओवररेट शराब बेचने का विरोध करने पर ठेकेदार के गुर्गों ने एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की। लाठी-डंडों से किए गए इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

ओवररेटिंग का विरोध पड़ा भारी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक ने दुकान पर निर्धारित दर से अधिक दामों (ओवररेट) पर बेची जा रही शराब का विरोध किया था। आरोप है कि विरोध सुनते ही ठेकेदार से जुड़े गुर्गे आपे से बाहर हो गए और गाली-गलौज करते हुए युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि नरोरा क्षेत्र स्थित यह दुकान लंबे समय से अवैध रूप से संचालित हो रही है और यहाँ आए दिन ग्राहकों के साथ गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देने की घटनाएँ आम बात हो चुकी हैं।

आबकारी विभाग और प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल

इस वारदात के बाद से स्थानीय ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि नरोरा में खुलेआम अवैध शराब का कारोबार फल-फूल रहा है, लेकिन सब कुछ जानते हुए भी आबकारी विभाग मौन साधे बैठा है। आबकारी विभाग की इस संदेहास्पद खामोशी के कारण क्षेत्र में अवैध शराब दुकानों का नेटवर्क बढ़ता जा रहा है और ठेकेदारों के हौसले बुलंद हैं।

कड़े एक्शन की मांग

घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन, पुलिस और आबकारी विभाग से मांग की है, कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच की जाए। युवक पर जानलेवा हमला करने वाले ठेकेदार और उसके गुर्गों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई हो। नरोरा क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित शराब दुकानों और पैकाटों को तत्काल बंद कराया जाए। अब देखना यह होगा कि इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस और जिला प्रशासन दोषियों के खिलाफ क्या सख्त रुख अपनाते हैं और आबकारी विभाग अपनी नींद से जागकर अवैध शराब नेटवर्क पर क्या कार्रवाई करता है। 

यह भी पढ़ें: शाजापुर में चलती ट्रेन से गिरा युवक, गंभीर हालत में इंदौर रेफर