शाहपुर थाना क्षेत्र से लापता हुई दो बच्चों की मां

महिला को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में युवक गिरफ्तार, धर्मान्तरण समेत कई मामलों में मामला दर्ज

युवक पर धर्मान्तरण के आरोप में केस दर्ज

मुजफ्फरनगर: जनपद मुजफ्फरनगर के शाहपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से दो बच्चों की मां के लापता होने के मामले में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महिला और उसके बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी पर धर्मान्तरण समेत गंभीर धाराओं में कार्रवाई किए जाने की जानकारी सामने आई है।

'महिला को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया युवक'

जानकारी के मुताबिक, महिला के परिजनों की ओर से आरोप लगाया गया था कि 23 अगस्त को सहारनपुर के नांगल क्षेत्र का रहने वाला एक युवक महिला को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। इस मामले को लेकर पिछले कुछ दिनों से हिंदू संगठनों की ओर से महिला की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग उठाई जा रही थी।

धर्मान्तरण सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज

बताया गया कि स्वामी यशवीर महाराज ने करीब चार दिन पहले इस मामले को उठाते हुए महिला की सकुशल बरामदगी और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद शाहपुर पुलिस ने मामले में सक्रियता दिखाते हुए महिला और उसके बच्चों को बरामद कर लिया। पुलिस के मुताबिक, मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उस पर धर्मान्तरण सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है। थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह की सक्रिय भूमिका की भी सराहना की जा रही है।

महिला और बच्चों की बरामदगी पर परिजनों ने पुलिस का जताया आभार

परिजनों और हिंदू संगठनों ने महिला और उसके बच्चों की सकुशल बरामदगी के लिए मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा और शाहपुर थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह का आभार जताया है। वहीं, इस मामले को लेकर हिंदू संगठनों का कहना है कि महिलाओं और युवतियों को बहला-फुसलाकर या किसी भी तरह के दबाव में फंसाने की कोशिशों के खिलाफ समाज को सजग रहने की जरूरत है। संगठनों ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और ऐसे मामलों में निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित होना जरूरी है। पुलिस की कार्रवाई के बाद महिला और उसके बच्चों को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द किए जाने की प्रक्रिया पूरी की गई। मामले में पुलिस की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। 

ये भी पढ़ें- बहराइच में 12 महीने से वेतन नहीं मिलने पर पीएचसी डॉक्टर धरने पर बैठे