शराब के नशे में धुत युवक द्वारा खुलेआम तलवार लहराया, पुलिस ने किया गिरफ्तार
कोरबा (छत्तीसगढ़)। कोरबा सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत पुराना काशी नगर में शराब के नशे में धुत एक युवक द्वारा खुलेआम तलवार लहराकर दहशत फैलाने का मामला सामने आया है। आरोपी की इस हरकत से इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोग दहशत में आ गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची सिविल लाइन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को धर दबोचा।
गाली-गलौज कर दी जान से मारने की धमकी
जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीय आरोपी लोकेश चंद्रा शराब के नशे में एक बड़ी तलवार लेकर इलाके में घूम रहा था। उसने स्थानीय लोगों को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक तलवार लहराते हुए दिखाई दे रहा है।
पुलिस से भी उलझने का किया प्रयास
घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने का प्रयास करने लगा और जवानों से उलझने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस टीम ने सूझबूझ का परिचय देते हुए घेराबंदी कर उसे काबू में कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धारदार तलवार जब्त कर ली है।
थाना प्रभारी का बयान
सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा ने बताया कि स्थानीय नागरिकों द्वारा फोन पर घटना की सूचना दी गई थी। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर भागने का प्रयास कर रहे आरोपी लोकेश चंद्रा को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद इलाके में स्थिति पूरी तरह शांत और नियंत्रित है।
यह भी पढ़ेंः मामूली कहासुनी पर बहू ने बुजुर्ग सास का सिर जमीन पर पटककर की हत्या, पुलिस हिरासत में आरोपी