क्षेत्र के नगला इछा गांव में क्रिकेट मैच खेलने के

क्रिकेट मैच में गाली-गलौज का विरोध पड़ा भारी, युवकों ने पीटकर दी जान से मारने की धमकी

Youth Assaulted for Opposing Abusive Language During Cricket Match

जसवंतनगर {उत्तरप्रदेश}। क्षेत्र के नगला इछा गांव में क्रिकेट मैच खेलने के दौरान गाली-गलौज का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि कहासुनी के बाद दो युवकों ने उसके साथ मारपीट की और परिवार के लोगों के पहुंचने पर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर जसवंतनगर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्रिकेट मैच के दौरान हुआ विवाद

नगला इछा निवासी नीरज कुमार पुत्र महीपाल सिंह जाटव ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह गांव में क्रिकेट मैच खेल रहा था। उसके साथ उसका भाई आलोक जाटव तथा चाचा के पुत्र हर्षवर्धन और शनि जाटव पुत्र प्रमोद कुमार जाटव भी मैच खेल रहे थे। इसी दौरान गांव के अभिषेक पुत्र सूरजीत शंखवार और मोहित उर्फ गौरलाल पुत्र परशुराम शंखवार वहां पहुंच गए और नीरज के साथ गाली-गलौज करने लगे।

विरोध करने पर मारपीट का आरोप

नीरज का आरोप है कि जब उसने गाली-गलौज का विरोध किया तो अभिषेक और मोहित ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इसके बाद दोनों युवक एक-दो अन्य साथियों के साथ नीरज और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग निकले।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

थाना प्रभारी कमल भाटी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

यह भी पढ़ें: बहराइच में नहर में डूबे 17 वर्षीय रवि का शव हुआ बरामद, परिवार में मचा कोहराम