मुगलसराय में पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर हमला, अस्पताल में चल रहा इलाज
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (उत्तर प्रदेश)। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के भगाई गांव निवासी एक युवक पर पुरानी रंजिश को लेकर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। मारपीट में घायल युवक का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पीड़ित ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ड्यूटी समाप्त कर देर रात घर लौट रहा था अभिषेक
भगाई गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार के पुत्र अभिषेक कुमार के अनुसार, वह ड्यूटी समाप्त कर देर रात घर लौट रहा था। रास्ते में भूख लगने पर वह कुछ खाने के लिए रुका था। इसी दौरान वहां मौजूद चंदन सोनकर उर्फ आकाश सोनकर ने उसे देखते ही कथित रूप से हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपी ने उसके साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
करीब एक वर्ष पहले दीपावली के दौरान दोनों पक्षों के बीच हुआ था विवाद
अभिषेक के मुताबिक करीब एक वर्ष पहले दीपावली के दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। बाद में बातचीत के माध्यम से मामला शांत हो गया था। आरोप है कि इसके बावजूद आरोपी पुरानी रंजिश रखे हुए था और मौका पाकर उस पर हमला कर दिया।
अस्पताल में उपचार जारी
घटना के बाद परिजन घायल अभिषेक को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
प्रकरण की जांच की जा रही है
जलीलपुर चौकी प्रभारी अजय कुमार यादव ने बताया कि मामले में प्रार्थना पत्र पुलिस को प्राप्त हो चुका है। प्रकरण की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ेंः औरंगाबाद में आहर में डूबने से 32 वर्षीय युवक की मौत, 12 घंटे बाद बरामद हुआ शव