इटावा में पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर हमला, चाकू से घायल करने का आरोप
इटावा,(उत्तर प्रदेश)। भरथना थाना क्षेत्र के ग्राम कर्वा खुर्द में पुरानी रंजिश ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। गांव के एक युवक पर घर पहुंचते ही तीन लोगों द्वारा हमला किए जाने और चाकू मारकर घायल करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की पत्नी जब बीच-बचाव करने पहुंची तो आरोपियों ने उसके साथ भी अभद्रता करते हुए धमकियां दीं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
तीन लोगों मे मिलकर की मारपीट
पीड़ित मोहित पुत्र छुन्नू ने थाना भरथना में दी गई तहरीर में बताया, कि वह 26 जुलाई की शाम करीब 5:30 बजे काम से घर लौटा था। आरोप है, कि तभी गांव के ही तीन लोग पुरानी रंजिश को लेकर उसके घर पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर तीनों ने मिलकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
पत्नी के साथ भी की अभद्रता
मोहित का आरोप है, कि मारपीट के दौरान एक आरोपी ने चाकू से उसकी नाक पर वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। चीख-पुकार सुनकर उसकी पत्नी मौके पर पहुंची और पति को बचाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने उसके साथ भी अभद्र व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से हट जाने को कहा।
कुछ दिन पहले भी आरोपियों से हुआ था विवाद
पीड़ित का कहना है, कि कुछ दिन पहले भी आरोपियों से उसका विवाद हुआ था और उसी पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद घायल युवक ने भरथना थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू
थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ेंः मैहर में श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पलटी, 12 घायल; दो की हालत गंभीर