दुकान में मोबाइल चोरी करते रंगे हाथ पकड़ा गया युवक, पुलिस ने हिरासत में लिया
औरंगाबाद (बिहार)। दाउदनगर थाना क्षेत्र के लखन मोड़ सिनेमा हॉल रोड के एक दुकान से मोबाइल चोरी का मामला सामने आया है। दुकान में घुसकर चोरी करने वाले आरोपी को दुकानदार और स्थानीय लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूला है। आरोप है कि दुकान खुला था, इसी दौरान एक संदिग्ध युवक दुकान में घुस आया और मोबाइल पर हाथ साफ करता रंगे हाथ पकड़ा गया।
दुकानदारों ने एक-दूसरे को सतर्क रहने की दी सलाह
स्थानीय लोगों ने बताया कि अगर समय रहते आरोपी को नहीं पकड़ा जाता, तो वह और बड़ी चोरी को अंजाम दे सकता था। दुकानदारों ने एक-दूसरे को सतर्क रहने की सलाह दी है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस युवक को हिरासत में ले लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई में जुट गई है। विदित हो कि दाउदनगर में लगातार हो रही चोरी कि घटनाओं ने हर किसी के दिल में खौफ पैदा कर दिया है। चोर न सिर्फ घरों में घुस कर लोगों की कड़ी मेहनत से जोड़ी हुई नगदी और सामग्री पर हाथ साफ कर रहे हैं बल्कि अब तो दिन दहाड़े दुकानों से चोरियां भी कर रहे हैं।
बीते कुछ दिनों में चोरी की दर्जनों वारदातें
परेशानी की बात यह है कि ऐसे मामलों की सूचना पर पुलिस अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा तो दर्ज कर लेती है परंतु उनके खिलाफ कोई प्रभावी कार्यवाही नहीं कर पा रही है। बीते कुछ दिनों में ही चोरी की दर्जनों वारदातें हुई हैं, इनमे से एक का भी सुराग अब तक नहीं मिल सका है। इसी का नतीजा है कि शरारती तत्वों के हौंसले दिन ब दिन बढ़ते चले जा रहे हैं। इसके अलावा कई स्थानो पर बदमाशों ने चोरी का प्रयास तो किया पर आसपास हो हल्ल होने पर वे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके।
यह भी पढ़ेंः मुगलसराय स्टेशन के सामने 20-25 दुकानदारों को नोटिस, PWD ने अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश