अमेरिका-चीन जाने का दावा कर टावर पर चढ़ा युवक, हेलीकॉप्टर की करता रहा मांग
मुजफ्फरनगर: जिले में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक रेलवे स्टेशन परिसर में बने टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसे नीचे उतारने के लिए घंटों मशक्कत करती रही। बताया जा रहा है कि युवक की मानसिक हालत ठीक नहीं है। टावर पर चढ़कर युवक अजीबोगरीब बातें करता रहा और पुलिस से टावर पर हेलीकॉप्टर मंगाने की मांग करने लगा।
अमेरिका-चीन जाने का दावा कर टावर पर चढ़ा युवक
युवक कभी अमेरिका तो कभी चीन जाने की बात करता दिखाई दिया। युवक के हाई प्रोफाइल ड्रामे को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस लगातार युवक को समझाने और सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास करती रही। काफी देर की मशक्कत के बाद पुलिस ने युवक को सकुशल टावर से नीचे उतार लिया और उसे पकड़कर नई मंडी कोतवाली ले गई।
हेलीकॉप्टर मंगाने की करता रहा मांग
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक टावर पर चढ़कर पुलिस से हेलीकॉप्टर मंगाने समेत कई तरह की बातें करता नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक युवक की मानसिक स्थिति खराब बताई जा रही है और वह देशभक्ति से जुड़ी बातें भी कर रहा था। पूरा मामला मुजफ्फरनगर की नई मंडी कोतवाली क्षेत्र स्थित रेलवे स्टेशन का बताया जा रहा है।
ये भी पढ़ें- कुरकुरे दिलाने के बहाने 9 साल की बच्ची को ले गया संदिग्ध, मां स्टेशन पर करती रही इंतजार