संदिग्ध परिस्थितियों में युवक ने फांसी लगाकर दी जान, सट्टे के कर्ज की चर्चा
मुगलसराय {उत्तर प्रदेश}: मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के महाबलपुर गांव में मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही गांव और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं, घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घर में फांसी लगाने से मौत
मृतक की पहचान रामजनम प्रजापति, उम्र लगभग 24 वर्ष, के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार को युवक ने घर में फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर दुल्हीपुर चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सट्टे में पैसा लगाने की चर्चा
वहीं, स्थानीय लोगों के अनुसार रामजनम कथित तौर पर क्रिकेट मैच के सट्टे में पैसा लगाता था। लोगों का कहना है कि सट्टे में कुछ लोगों का पैसा उसके ऊपर बकाया था और पिछले कुछ समय से वह परेशान चल रहा था। स्थानीय लोगों द्वारा आशंका जताई जा रही है कि इसी परेशानी के चलते युवक ने यह आत्मघाती कदम उठाया होगा।
पुलिस कर रही मामले की जांच
हालांकि, सट्टे के कर्ज को आत्महत्या की वजह मानने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और परिजनों तथा आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
यह भी पढ़े: सुप्रीम कोर्ट ने पश्चिम बंगाल में SIR ट्रिब्यूनल द्वारा निपटाए गए अपीलों पर ECI मांगा डेटा