छपरा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नंदलाल छपरा गांव में

संदिग्ध स्थिति में युवक की मौत, दोस्तों पर हत्या का आरोप

Youth Dies Under Suspicious Circumstances, Friends Accused of Murder

सारन {बिहार}: छपरा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नंदलाल छपरा गांव में मंगलवार की देर रात एक युवक की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने उसके दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। युवक के शरीर पर जख्म के निशान मिलने के बाद परिजनों ने मामले की जांच की मांग की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

दोस्तों के साथ घर से निकला था राकेश

मृतक की पहचान नंदलाल छपरा गांव निवासी सुखदेव राय के 25 वर्षीय पुत्र राकेश कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार राकेश मंगलवार की शाम अपने कुछ दोस्तों के साथ घर से निकला था। देर रात गांव के दो युवक उसे गंभीर हालत में खाट पर लेकर उसके घर के दरवाजे पर पहुंचे। इसके बाद दोनों युवक वहां से चले गए। परिजनों ने जब राकेश को देखा तो उसके शरीर पर कई जगह जख्म के निशान थे।

मां ने लगाया हत्या का आरोप

मृतक की मां का आरोप है कि गांव के कुछ युवकों ने साजिश के तहत राकेश की हत्या की है। उन्होंने बताया कि जब युवक देर रात राकेश को लेकर घर पहुंचे तो उसके शरीर पर कपड़े नहीं थे। शरीर पर जख्म के निशान देखकर परिजनों ने शोर मचाया। इसके बाद राकेश को दरवाजे पर छोड़कर सभी युवक वहां से फरार हो गए। सुबह जब परिजन आरोपित युवकों के घर पहुंचे तो वे लोग वहां भी नहीं मिले।

परिवार ने निष्पक्ष जांच की मांग की

परिजनों ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर घटना की सच्चाई सामने लाने की मांग की है। राकेश ट्रक चालक का काम करता था। उसकी मौत के बाद परिवार में मातम का माहौल है। इधर, घटना के संबंध में मुफस्सिल थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। स्थानीय लोगों से पूछताछ में जानकारी मिली है कि देर रात राकेश तेज गति से वाहन चलाते हुए सड़क पर एक गाय से टकरा गया था। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। इसके बाद उसके दोस्त उसे अचेत अवस्था में घर लेकर पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

ये भी पढ़ें: मुजफ्फरनगर में 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत पर बवाल, अंतिम संस्कार से परिजनों का इनकार