उमरिया बांध में नहाने गया युवक गहरे पानी में डूबा, तलाश में जुटी रेस्क्यू टीम
उमरिया: मध्यप्रदेश के उमरिया जिले के उमरार बांध में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। खलेसर निवासी 18 वर्षीय शुभम सोनी अपने तीन दोस्तों के साथ घूमने और नहाने के लिए बांध पहुंचा था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और लापता हो गया। आशंका है कि वह पानी में डूब गया है।
नहाते समय हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चारों दोस्त बांध में नहा रहे थे। इसी दौरान शुभम गहरे हिस्से में पहुंच गया और डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह देखते ही देखते पानी में गायब हो गया।
पुलिस ने शुरू किया रेस्क्यू अभियान
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। पुलिस और बचाव दल बांध में लगातार खोजबीन कर रहे हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक शुभम का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की जानकारी मिलते ही शुभम के परिजन भी उमरार बांध पहुंच गए। बेटे के लापता होने की खबर से परिवार सदमे में है। वहीं बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान पर नजर बनाए हुए हैं।
थाना प्रभारी ने दी जानकारी
कोतवाली थाना प्रभारी मदनलाल मरावी ने बताया कि उमरार बांध में एक युवक के डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तलाश शुरू कर दी गई। उन्होंने कहा कि अभी तक युवक का कोई पता नहीं चल पाया है और रेस्क्यू टीम लगातार अभियान चला रही है।
प्रशासन ने की सावधानी बरतने की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में बांधों और जलाशयों का जलस्तर बढ़ जाने के कारण ऐसे स्थानों पर नहाने से बचें। फिलहाल शुभम सोनी की तलाश जारी है और पूरे क्षेत्र की नजरें रेस्क्यू अभियान पर टिकी हुई हैं।
यह भी पढ़े: छात्राओं की जीत: शिक्षक मिलने के बाद 7 दिन बाद खुला स्कूल, प्रशासन ने भेजे 4 टीचर