मुरैना में लावारिस स्कॉर्पियो से 40 वर्षीय युवक का

मुरैना में लावारिस स्कॉर्पियो में मिला युवक का शव, चोटों के निशान से हत्या की आशंका

Youth Found Dead in Abandoned Scorpio in Morena, Murder Suspected

मुरैना (मध्य प्रदेश)। बागचीनी थाना क्षेत्र में बुधवार को एक लावारिस स्कॉर्पियो ने युवक की मौत का ऐसा रहस्य खड़ा कर दिया, जिसने पुलिस को भी जांच के कई सवालों के बीच खड़ा कर दिया है। बांसी नहर की पुलिया पर खड़ी स्कॉर्पियो में 40 वर्षीय धारा पचौरी निवासी सांटा का शव मिला। खास बात यह है कि जिस स्थान पर वाहन मिला, वह युवक के गांव से करीब दो किलोमीटर ही दूर है।

शव मिलने से मचा हड़कंप

राहगीरों की नजर स्कॉर्पियो पर पड़ी तो अंदर युवक को मृत अवस्था में देखकर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन तथा घटनास्थल की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में युवक के शरीर पर चोटों के निशान सामने आए हैं। इसके बाद परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि धारा पचौरी स्कॉर्पियो तक कैसे पहुंचा। वाहन वहां कब से खड़ा था और युवक की मौत वाहन के अंदर हुई या उसे बाद में वहां लाकर रखा गया? पुलिस इन सवालों के जवाब तलाश रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही वाहन और घटनास्थल से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

फिलहाल चोटों के निशान और परिजनों की हत्या की आशंका ने मामले को संदिग्ध बना दिया है। हालांकि युवक की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस फिलहाल हत्या समेत अन्य संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है। 

यह भी पढ़ें:   थाईलैंड की महिला से लव जिहाद करने वाला इरफान गिरफ्तार, 60 लाख की ठगी का आरोप और धर्म परिवर्तन का दबाव