चंदौली में रेलवे ट्रैक पर मिले अज्ञात युवक की पहचा

चंदौली में रेलवे ट्रैक पर मिले युवक की हुई पहचान, छत्तीसगढ़ से वाराणसी लौट रहा था रितेश

Youth Found Dead on Chandauli Railway Track Identified as Ritesh Mishra

चंदौली (उत्तर प्रदेश)। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के हृदयपुर गांव के पास रेलवे ट्रैक पर मिले अज्ञात युवक के शव की पहचान हो गई है। मृतक की पहचान वाराणसी जिले के चौबेपुर थाना क्षेत्र के पुरानापट्टी, पोस्ट प्यारी निवासी रितेश मिश्रा (37) के रूप में हुई है। रितेश छत्तीसगढ़ से छुट्टी लेकर ट्रेन संख्या 15232 गोंदिया-भुज एक्सप्रेस से अपने घर वाराणसी लौट रहा था। वह ट्रेन के S-2 कोच में सीट नंबर 48 पर सवार था।

परिजनों के अनुसार

परिजनों के अनुसार रितेश 30 सितंबर को छत्तीसगढ़ से ट्रेन से वाराणसी के लिए रवाना हुआ था। परिवार का एक सदस्य वाराणसी कैंट स्टेशन पर टोटो लेकर उसके आने का इंतजार कर रहा था। रितेश की अपने भाई से आखिरी बातचीत जीवनाथपुर रेलवे स्टेशन के आसपास हुई थी। इसके बाद हृदयपुर के पास उसका मोबाइल फोन लगातार रिंग होता रहा, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। करीब भोर चार बजे तक मोबाइल पर घंटी जाती रही, जिसके बाद फोन स्विच ऑफ हो गया।

रेलवे ट्रैक पर अज्ञात युवक का मिला शव 

ट्रेन के वाराणसी कैंट पहुंचने पर भाई ने रितेश को उसकी निर्धारित बर्थ और पूरी बोगी में तलाश किया, लेकिन वह नहीं मिला। इसके बाद ट्रेन के अगले स्टेशन पर भी बोगी की जांच कराई गई। इसी बीच सोशल मीडिया के जरिए परिजनों को हृदयपुर के पास रेलवे ट्रैक पर अज्ञात युवक का शव मिलने की जानकारी हुई। परिजन जिला अस्पताल के मोर्चरी हाउस पहुंचे, जहां शव की पहचान रितेश के रूप में हुई। पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस कर रही मामले की जांच  

घटना की सूचना पर मुगलसराय कोतवाली पुलिस, आरपीएफ व्यासनगर और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। प्रारंभिक जांच में शरीर पर कोई बड़ी चोट नहीं मिली, जबकि सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं। वहीं शव के पास मोबाइल फोन और बैग नहीं मिला। रितेश के शरीर पर शर्ट, अंडरवियर और रुद्राक्ष की माला थी, जबकि पैंट और एक पैर का जूता भी गायब था। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत ट्रेन से गिरने के कारण हुई या घटना के पीछे कोई अन्य वजह है, यह जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट हो सकेगा। 

यह भी पढ़ें:   बाराबंकी में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बस में घुसा तेज रफ्तार ट्रक, दोनों चालकों की दर्दनाक मौत