हाईवा की टक्कर से युवक की मौत, मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने किया सड़क जाम
औरंगाबाद (बिहार)। शुक्रवार की देर रात हाईवा की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। घटना नवीनगर थाना क्षेत्र के नवीनगर रोड रेलवे स्टेशन के समीप की है। मृतक की पहचान नवीनगर रोड रेलवे स्टेशन निवासी स्व. ललन सिंह के पुत्र सोनू सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सोनू सिंह रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे क्रॉसिंग पार कर रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे हाईवा ने उसे अपनी चपेट में ले लिया और वह हादसे का शिकार हो गया।
मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा तथा चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग
हालांकि, घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा सोनू को नवीनगर रेफरल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को नवीनगर रोड रेलवे स्टेशन के समीप सड़क पर रखकर जाम कर दिया। मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा तथा दोषी चालक के ख़िलाफ़ कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। आक्रोषितों को समझा बूझकर शांत कराया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार उपाध्याय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना के सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है तथा दुर्घटना में शामिल दोषी चालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ेंः फौजी और उसकी पत्नी के दोहरे हत्याकांड में 25 हजार का इनामी मुख्य आरोपी गौरव सिकरवार गिरफ्तार