गोंडा में तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, पिता गंभीर घायल
गोंडा (उत्तर प्रदेश)। बेलसर-तरबगंज मार्ग पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया। स्थिति को देखते हुए कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर तैनात की गई।
तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत
जानकारी के अनुसार, बिरसिंहपुर निवासी शिव प्रकाश यादव अपने पिता बुधराम के साथ अयोध्या से लौट रहे थे। रास्ते में पेट्रोल पंप के सामने तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में शिव प्रकाश यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता बुधराम गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन
हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की मां रघुवर देवी ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। वहीं, गुस्साए परिजनों ने शव सड़क पर रखकर हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। काफी मान-मनौव्वल के बाद परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार हुए। चौकी इंचार्ज राकेश पांडेय ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। डंपर को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें: बहराइच में धान काटते समय महिला को सांप ने डसा, झाड़-फूंक में समय बीतने से अस्पताल में मौत