रीवा में तीन दिन से युवक लापता, थाने में जुटे परिजन और ग्रामीण
रीवा: रीवा जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डीहिया सहीजना नंबर-1 से पिछले तीन दिनों से लापता कमलेश साकेत का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है। युवक के अचानक गायब होने से परिजनों में किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है। पुलिस की शिथिल कार्यप्रणाली से नाराज दर्जनों ग्रामीण और परिजन गोविंदगढ़ थाने में डटे हुए हैं और जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
परिजनों ने पुलिस पर लगाया लापरवाही बरतने का आरोप
लापता युवक के परिजनों ने पुलिस की जांच पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। परिजनों का आरोप है कि पुलिस मामले में ढिलाई बरत रही है। उनका कहना है कि पुलिस ने महज औपचारिकता के लिए एक संदिग्ध को थाने में बैठा रखा है, जबकि घटना से जुड़े मुख्य आरोपी को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने मांग करते हुए कहा...
थाने पहुंचे परिजनों का कहना है कि तीन दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस कड़ाई से पूछताछ नहीं कर रही है। ग्रामीणों ने मांग की है कि संदेह के आधार पर नहर का पानी बंद कराकर तलाशी अभियान चलाया जाए, जिससे लापता कमलेश का पता चल सके। परिजनों का कहना है कि जब तक कमलेश की सुरक्षित बरामदगी नहीं होती, वे थाने से नहीं हटेंगे।
ये भी पढ़ें- सुपौल में 98 शिक्षक प्रशिक्षण से रहे गैरहाजिर, तीन दिन में मांगा जवाब