सारण में युवक हत्याकांड का खुलासा, प्रेम-प्रसंग के विवाद में महिला समेत दो गिरफ्तार
सारण: जलालपुर थाना क्षेत्र के दुबवलिया-बेलकुंडा चेवर में सड़क किनारे मिले अज्ञात युवक के शव मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्याकांड में एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल धारदार हथियार, तीन मोबाइल फोन, लोहे की पट्टी और ट्रेन का जनरल टिकट बरामद किया गया है।
प्रेम-प्रसंग के विवाद में युवक की हत्या का आरोप
पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर को दुबवलिया-बेलकुंडा चेवर में पक्की ग्रामीण सड़क के किनारे एक युवक का शव मिला था। मामले में जलालपुर थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान मृतक की पहचान समस्तीपुर जिले के रघियाघाट थाना क्षेत्र निवासी दीपक कुमार यादव के रूप में हुई। एसएसपी के निर्देश पर सदर-2 एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की। पुलिस के मुताबिक, हत्या के पीछे पूर्व के प्रेम-प्रसंग से जुड़ा विवाद सामने आया है। आरोप है कि मृतक महिला को फोटो और वीडियो भेजकर परेशान करता था।
हत्या के आरोप में दो गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने बनियापुर थाना क्षेत्र के हरिहरपुर से एक आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं, महिला आरोपी की निशानदेही पर उसके भाई को बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल से करीब 100 मीटर दक्षिण झाड़ी से घटना में इस्तेमाल धारदार हथियार बरामद किया गया। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन, करीब तीन फीट की लोहे की पट्टी और ट्रेन का जनरल टिकट भी जब्त किया गया है।
ये भी पढ़ें- झालावाड़ बस स्टैंड से 6.61 ग्राम स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार, तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू