दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर जसवंतनगर स्टेशन के पास

महाबोधी एक्सप्रेस से गिरकर युवक गंभीर घायल, जसवंतनगर में हुआ हादसा

Youth Seriously Injured After Falling from Mahabodhi Express in Etawah

इटावा (उत्तर प्रदेश)। दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब महाबोधी एक्सप्रेस से गिरकर बिहार के अररिया निवासी एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा जसवंतनगर रेलवे स्टेशन की अप लाइन पर हुआ, जहां युवक चलती ट्रेन से नीचे जा गिरा।

दरवाजे पर बैठे सफर के दौरान नींद आने से हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक ट्रेन के दरवाजे पर बैठकर यात्रा कर रहा था। सफर के दौरान उसे नींद आ गई, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह चलती ट्रेन से नीचे गिर पड़ा। हादसे में युवक को गंभीर चोटें आईं और वह ट्रैक के किनारे घायल अवस्था में पड़ा मिला।

स्टेशन मास्टर की सूचना पर 108 एंबुलेंस ने पहुंचाया अस्पताल

घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर ने तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को सूचित किया। सूचना पर ईएमटी सुदीप कुमार सिंह और पायलट विजयवीर सिंह मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसवंत नगर पहुंचाया।

प्राथमिक उपचार के बाद सैफई पीजीआई रेफर

वहां तैनात डॉ. वीरेंद्र कुमार ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण युवक को बेहतर इलाज के लिए उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (पीजीआई), सैफई रेफर कर दिया गया। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन के दरवाजे पर बैठकर या खड़े होकर यात्रा न करें। थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा हादसे का कारण बन सकती है। 

यह भी पढ़ें:   पैक्स चुनाव को लेकर गांवों में बढ़ी हलचल, 29 जुलाई को होगा मतदान