मुरैना जिले के सराय छोला थाना क्षेत्र में पुरानी ज

मुरैना में जमीन के विवाद में खूनी संघर्ष: भैंस चरा रहे युवक की गोली मारकर हत्या

अस्पताल मे जांच करते डॉक्टर

मुरैना (मध्य प्रदेश)। जमीन को लेकर चली आ रही पुरानी दुश्मनी ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। सराय छोला थाना क्षेत्र के रिठौरा खुर्द गांव में भैंस चरा रहे युवक लल्ला उर्फ अतर सिंह गुर्जर पर हमला कर दिया गया। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवक ने ग्वालियर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर सात लोगों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

एक दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प

जानकारी के अनुसार, रिठौरा खुर्द निवासी भोगीराम सिंह गुर्जर और ऐंदल सिंह गुर्जर के परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। इसी रंजिश के चलते भैंस चरा रहे अतर सिंह को कथित तौर पर आधा दर्जन लोगों ने घेर लिया और उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

ग्वालियर पहुंचने से पहले थम गई सांसें

घायल अतर सिंह को परिजन तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर ग्वालियर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव को वापस जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां परीक्षण के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर सात लोगों के विरुद्ध आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। मृतक का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

पुरानी रंजिश में एक और परिवार उजड़ा

जमीन के विवाद में हुई इस वारदात ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। अब पुलिस के सामने आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ घटना में इस्तेमाल हथियारों और वारदात के पूरे घटनाक्रम की पुष्टि करने की चुनौती है।

यह भी पढ़ेंः जौनपुर पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान: 859 वाहनों का चालान, 39 सीज