बांका के सुल्तानगंज फोरलेन पर आधी रात खूनी लूट, बदमाशों ने युवक को मारी गोली; मोबाइल-नकदी लूटी
बांका: जिले के अमरपुर के दो युवकों के साथ सुल्तानगंज फोरलेन पर लूटपाट और गोलीबारी की घटना सामने आई है। दुर्गा पूजा का मेला देखकर घर लौट रहे युवकों को ओवरब्रिज के पास छह अपराधियों ने रोक लिया। घटना रात करीब ढाई बजे की बताई जा रही है।
छह अपराधियों ने युवकों को रोका
जानकारी के मुताबिक, कल्याणपुर गांव निवासी दीपक कुमार और विमल कुमार के साथ अपराधियों ने लूटपाट की। इस दौरान विमल कुमार के कंधे में गोली मार दी गई, जबकि दीपक कुमार के साथ मारपीट की गई। परिजनों के अनुसार, अपराधी मोबाइल फोन और करीब छह हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।
घायल युवक मायागंज अस्पताल में भर्ती
घायल विमल को भागलपुर के मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि गोली कंधे में फंसी हुई है, हालांकि युवक फिलहाल खतरे से बाहर है। घटना के बाद फोरलेन पर देर रात यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है।
ये भी पढ़ें: टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: केजरीवाल का केंद्र पर हमला, बोले- 'देश के सबसे बड़े गैंगस्टर को बना लिया दामाद'