बहराइच जिले के जरवल रोड रेलवे स्टेशन पर शनिवार को

बहराइच में राखी बंधवाने गांव आया युवक मालगाड़ी के आगे कूदा, मौत

Youth Visiting Village for Rakhi Dies by Suicide on Tracks

बहराइच {उत्तरप्रदेश}: बहराइच जिले के जरवल रोड रेलवे स्टेशन पर शनिवार को एक युवक ने मालगाड़ी के आगे कूदकर जान दे दी। ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान कैसरगंज थाना क्षेत्र के पवैया चौराहा निवासी अर्जुन (21) के रूप में हुई है।

लखनऊ में पत्नी के साथ रहता था युवक

मृतक के बड़े भाई इंद्राज ने पुलिस को बताया कि अर्जुन लखनऊ में कपड़े की दुकान पर काम करता था और पत्नी के साथ वहीं रहता था। रक्षाबंधन के अवसर पर शुक्रवार को वह अपनी छोटी बहन से राखी बंधवाने गांव आया था।

पत्नी की नाराजगी से था परेशान

परिजनों के मुताबिक, अर्जुन के बहन के बुलाने पर गांव आने की बात को लेकर उसकी पत्नी नाराज थी। पत्नी की कथित नाराजगी और उलाहने से अर्जुन परेशान चल रहा था। इसके बाद वह घर से निकलकर जरवल रोड रेलवे स्टेशन पहुंच गया। बताया गया कि स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक की लाइन संख्या तीन पर एक मालगाड़ी खड़ी थी। मालगाड़ी के चलने के दौरान अर्जुन अचानक गार्ड के आगे वाले डिब्बे के नीचे लेट गया। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी जरवल रोड के हेड कांस्टेबल कमलेश्वर, कांस्टेबल अंगद और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

यह भी पढ़ें: बहराइच में तेज रफ्तार कार ने स्कूटी में मारी टक्कर, युवक की मौत