नोहरी क्षेत्र में सड़क किनारे मिले युवक के शव की प

शिवपुरी में सड़क किनारे मिला युवक का शव! परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Shivpuri Youth Death Raises Questions

शिवपुरी {मध्य प्रदेश}: नोहरी क्षेत्र में सड़क किनारे मिले युवक के शव की पहचान सोमवार सुबह ईटमा गांव निवासी 40 वर्षीय भरत रावत पुत्र बालकिशन रावत के रूप में हुई। परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

सड़क किनारे मिला था शव

कोतवाली पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 11 बजे नोहरी स्थित कंजर डेरे के पास सड़क किनारे एक युवक के शव की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रात में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।

सुबह हुई युवक की पहचान

सोमवार सुबह परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां शव की पहचान भरत रावत के रूप में हुई। मृतक के भाई हिमाचल रावत ने बताया कि भरत शनिवार सुबह सब्जी लेकर शिवपुरी मंडी आया था, लेकिन इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। पहले परिवार को लगा कि वह किसी रिश्तेदार के यहां चला गया होगा, लेकिन बाद में शव मिलने की सूचना मिली।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

मृतक के भाई हिमाचल रावत का कहना है कि भरत की हत्या की गई है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़े: बीच-बचाव करने आई पत्नी के सामने ही पति की हत्या! मंडला में सनसनीखेज़ वारदात