एंथ्रोपिक के एआई शोधकर्ता ने इस्तीफा दिया, 'सुपरइंटेलिजेंस' की दौड़ पर उठाए सवाल
नई दिल्ली (भारत)। आर्टिफिशियल इंटेलिजें.स की रेस में अब सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। दिग्गज एआई कंपनी एंथ्रोपिक के रिसर्चर जैकब कॉक्सन ने इस्तीफा देते हुए टेक कंपनियों पर ‘सुपरइंटेलिजेंस’ की दौड़ में गैर-जिम्मेदाराना तरीके से आगे बढ़ने का आरोप लगाया है। कॉक्सन का कहना है कि एंथ्रोपिक और ओपनएआई जैसी कंपनियां ऐसे एआई सिस्टम की ओर तेजी से बढ़ रही हैं, जो इंसानों से ज्यादा सक्षम हो सकते हैं, लेकिन इस रफ्तार के साथ पर्याप्त सुरक्षा उपाय नहीं किए जा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसी तकनीक के विकास की अनियंत्रित होड़ मानव सभ्यता के लिए बेहद गंभीर जोखिम पैदा कर सकती है।
कॉक्सन ने AI कंपनियों को दी चेतावनी
पिछले तीन वर्षों में एंथ्रोपिक के अलावा ओपनएआई के साथ भी ‘प्रशिक्षण-पूर्व’ एआई के शोध से जुड़े रहे कॉक्सन ने कहा कि दोनों कंपनियों के बीच एआई के क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा पर्याप्त सुरक्षा उपायों के बिना आगे बढ़ रही है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट में चेतावनी दी कि प्रौद्योगिकी तेजी से ऐसे ‘मानव से अधिक सक्षम एआई सिस्टम’ (सुपरइंटेलिजेंस) की ओर बढ़ रही है, जो किसी भी प्रणाली में सेंध लगा सकते हैं, किसी भी क्षेत्र में रातोंरात क्रांतिकारी बदलाव ला सकते हैं और वास्तविक शक्ति एवं संसाधन हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इंसान की किसी अन्य गतिविधि से इस स्तर का खतरा पैदा नहीं होता है।
एंथ्रोपिक रिसर्चर जैकब कॉक्सन ने दिया इस्तीफा
कॉक्सन ने कहा, ‘‘मैंने आज एंथ्रोपिक से इस्तीफा दे दिया। पिछले तीन वर्षों में मैंने ओपनएआई और एंथ्रोपिक दोनों में प्रशिक्षण-पूर्व शोध किया। कोई भी कंपनी जिम्मेदारी से काम नहीं कर रही है। वे सीधे खुद को बेहतर बनाने वाली सुपरइंटेलिजेंस की ओर दौड़ रही हैं और हमारी जिंदगियों से जुआ खेल रही हैं।’’
AI रेस में जोखिम को लेकर बढ़ी चिंता
उन्होंने कहा, ‘‘ओपनएआई में कई लोगों ने इससे मानव सभ्यता के लिए पैदा होने वाले गंभीर जोखिमों को गहराई से नहीं समझा है। वहीं, एंथ्रोपिक में जोखिमों को अच्छी तरह समझा जाता है, लेकिन कंपनी इस दौड़ में सबसे पहले पहुंचने की कोशिश कर रही है। एंथ्रोपिक का मानना है कि कोई और जिम्मेदारी से काम नहीं करेगा, लिहाजा जोखिम के बावजूद उसे खुद ही यह काम करना होगा।’’
AI के विनाशकारी खतरे की चेतावनी
कॉक्सन ने कहा कि इस दौड़ को स्वीकार करना और इसके ‘अंतिम चरण’ में कदम रखना एक अहंकारपूर्ण जोखिम है, जिसे किसी निजी कंपनी के आंतरिक संचार मंच से शुरू नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि एआई क्षेत्र में काम करने वाले कई लोग गंभीरता से मानते हैं कि दशक के अंत तक एआई से विनाशकारी नुकसान हो सकता है।
अनियंत्रित AI को लेकर गहरी चिंता का दावा
कॉक्सन ने दावा किया कि कंपनी के अधिकारी और शोधकर्ता सार्वजनिक रूप से अक्सर संतुलित भाषा में बोलते हैं, लेकिन निजी तौर पर उनमें से कई अनियंत्रित एआई से अस्तित्व के लिए पैदा होने वाले खतरों को लेकर गहरी चिंता रखते हैं। उन्होंने ‘हगिंग फेस’ मंच में हाल में हुई सेंधमारी का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रमुख अमेरिकी एआई प्रयोगशालाओं के बीच एआई विकास की गति को लेकर समझौते की तत्काल जरूरत है।
AI शोधकर्ताओं से भूमिका पर पुनर्विचार की अपील
उन्होंने एआई क्षेत्र में काम कर रहे अपने सहयोगियों से उनकी भूमिका पर पुनर्विचार करने का आग्रह भी किया। कॉक्सन ने शोधकर्ताओं से पूछा कि क्या वे ऐसी सुपरइंटेलिजेंट प्रणाली के विकास की प्रक्रिया शुरू करना चाहेंगे, जिसकी कार्यप्रणाली को वे अभी पूरी तरह नहीं समझते। उन्होंने कहा कि शोधकर्ताओं को केवल यह सोचकर आगे नहीं बढ़ना चाहिए कि ‘यह तो होना ही है’, बल्कि उन्हें इस समय ऐसी परिस्थितियों की मांग करनी चाहिए जिनमें इस प्रौद्योगिकी का विकास अधिक जिम्मेदारी और सुरक्षा के साथ किया जाए।
यह भी पढ़े: नवरात्रि में मुस्लिमों की एंट्री पर सियासी घमासान, मुस्लिमों के शामिल होने में कुछ गलत नहीं: अमृता फडणवीस