दुबई के जबेल अली पोर्ट पर रहस्यमयी धमाकों से सनसनी

दुबई के जबेल अली औद्योगिक क्षेत्र में एक के बाद एक कई धमाके, भीषण आग लगने के बाद दो लोग हिरासत में

Representative Image (File Photo)

दुबई (UAE)। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के तटवर्ती इलाके में स्थित दुबई के प्रमुख जबेल अली औद्योगिक क्षेत्र (Jebel Ali industrial area) में बुधवार तड़के कई धमाके सुने गए, जिसके बाद वहां भीषण आग लग गई। ईरानी प्रसारक 'प्रेस टीवी' ने अरबी भाषा के मीडिया और क्षेत्रीय स्रोतों का हवाला देते हुए बताया कि यह घटना बुधवार सुबह करीब 20 मिनट के भीतर हुई, जिसमें कम से कम सात सिलसिलेवार धमाके दर्ज किए गए। सामने आए वीडियो फुटेज में जबेल अली बंदरगाह के पास से घने काले धुएं के भारी गुबार उठते हुए देखे गए।

वीडियो बनाने वाले हिरासत में, हमले की पुष्टि नहीं

मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से खबर आई है कि घटनास्थल पर धुआं उठने के बाद वीडियो बना रहे दो लोगों को यूएई प्रशासन ने हिरासत में ले लिया है। वहीं, ईरानी प्रसारक के अनुसार, इस घटना की जिम्मेदारी फिलहाल किसी भी संगठन या व्यक्ति ने नहीं ली है।

वैश्विक व्यापार का मुख्य केंद्र है जबेल अली

दक्षिण-पश्चिम दुबई में स्थित जबेल अली क्षेत्र इस पूरे क्षेत्र के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण लॉजिस्टिक्स, कमर्शियल और औद्योगिक केंद्र है। इस परिसर में 'जबेल अली पोर्ट' और 'जबेल अली फ्री जोन' (Jafza) शामिल हैं। वर्ष 1985 में स्थापित यह अंतरराष्ट्रीय व्यापार केंद्र 150 से अधिक देशों की 11,000 से अधिक कंपनियों का घर है। प्रमुख राजमार्गों, बंदरगाह और अल मकतूम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से जुड़े होने के कारण यह वैश्विक व्यापार के लिए एक अहम चौराहा माना जाता है।

हॉर्मोज जलडमरूमध्य को लेकर ट्रंप की दो टूक

इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि ईरान और ओमान के साथ एक समझौते के तहत 'हॉर्मोज जलडमरूमध्य' को बहुत जल्द खोल दिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ईरान तनाव कम करने से जुड़े समझौतों को पूरा करने में विफल रहता है, तो उसे "बहुत भारी सैन्य कार्रवाई" का सामना करना पड़ेगा। ट्रम्प ने दोहराया कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। फॉक्स न्यूज को दिए एक साक्षात्कार में ट्रम्प ने कहा, "ईरान के पास कभी भी परमाणु हथियार नहीं होगा। जलडमरूमध्य बहुत जल्द खुल जाएगा, अन्यथा उन्हें बहुत भारी हमले का सामना करना पड़ेगा।"

युद्धविराम और परमाणु समझौते पर बातचीत तेज

एक्सियोस (Axios) ने दो क्षेत्रीय स्रोतों और एक अमेरिकी अधिकारी का हवाला देते हुए बताया कि प्रस्तावित व्यवस्था का उद्देश्य अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम को बहाल करना और तेहरान के साथ उसके परमाणु कार्यक्रम से जुड़ी चर्चाओं सहित नए सिरे से बातचीत शुरू करना है। अमेरिकी, ईरानी और ओमान के अधिकारी हॉर्मोज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के लिए एक अंतरिम समझौते को अंतिम रूप देने के बेहद करीब हैं। यह जलडमरूमध्य पिछले महीने वॉशिंगटन और तेहरान के बीच 14-सूत्रीय समझौता ज्ञापन (14-point MoU) के टूटने के बाद पैदा हुए भारी तनाव का केंद्र रहा है।

सैन्य कार्रवाई टालकर कूटनीति पर जोर

ट्रम्प ने अंत में यह भी खुलासा किया कि अमेरिका पहले ईरान के खिलाफ एक बड़े सैन्य अभियान की तैयारी कर रहा था, लेकिन तेहरान की ओर से बातचीत का औपचारिक अनुरोध मिलने के बाद उसने कूटनीति का रास्ता चुना। ​(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: ईरान ने यूक्रेन पर जवाबी हमले की तैयारी का किया दावा, मुआवजे की मांग अब भी जारी