पाकिस्तान के चार पंखों वाले ड्रोन हमले में बलूचिस्

बलूचिस्तान में ड्रोन हमले में युवक की मौत व कई घायल, नागरिक सुरक्षा पर उठे सवाल

Civilian killed in drone strike in Balochistan

क्वेटा (पाकिस्तान)। पाकिस्तान के चार पंखों वाले ड्रोन हमले में बलूचिस्तान के मस्तुंग जिले में एक युवक की मौत हो गई और कई महिलाएं घायल हो गईं। इस घटना को लेकर चल रहे सैन्य अभियानों के बीच नागरिकों की सुरक्षा के प्रति चिंता बढ़ गई है।

कुर्दगाप इलाके में एक घर पर ड्रोन हमला, युवक गंभीर रूप से घायल

'द बलूचिस्तान पोस्ट' के अनुसार, पाकिस्तानी सेना ने मस्तंग के कुर्दगाप इलाके में गुरुवार को एक घर पर ड्रोन हमला किया। इससे अब्दुल समद नाम का शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया। घर में मौजूद महिलाएं भी घायल हुईं। अब्दुल की अस्पताल ले जाते वक्त मौत हो गई। हमले में घायल महिलाओं को स्थानीय अस्पताल में शुरुआती इलाज के बाद, बेहतर इलाज के लिए क्वेटा भेज दिया गया।

इलाके में जारी सैन्य कार्रवाई के बीच हालात और बिगड़े

हाल के दिनों में, इस इलाके में बलूच सशस्त्र समूहों द्वारा किए गए हमलों में पाकिस्तानी सेना और स्पेशल सर्विस ग्रुप के कई जवान मारे गए थे। इसके बाद सेना ने बड़े पैमाने पर एक ऑपरेशन शुरू किया, जो अभी भी जारी है। यह पहली बार नहीं है जब बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना के ड्रोन हमलों से आम नागरिक हताहत हुए हैं। ऐसी घटनाएं बार-बार सामने आती रही हैं।

नागरिकों की सुरक्षा को लेकर मानवाधिकार आयोग चिंतित

पाकिस्तान मानवाधिकार आयोग सहित कई अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठनों और साथ ही बलूच राजनीतिक दलों ने इन हमलों में आम नागरिकों को निशाना बनाए जाने पर गहरी चिंता व्यक्त की। ये संगठन सरकार से बलूचिस्तान में ऐसी और घटनाओं को रोकने के लिए तत्काल कार्रवाई करने की अपील करते रहे हैं।

मोर्टार और अन्य हमलों में पहले भी हो चुकी है नागरिकों की मौतें

पिछले हफ्ते ही बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना की ओर से दागे गए मोर्टार में एक बलूच परिवार के तीन सदस्य मारे गए थे, जिनमें एक बच्चा भी शामिल था। बलूच नेशनल मूवमेंट के मानवाधिकार विभाग 'पांक' ने बताया कि यह दुखद घटना 31 मार्च की शाम को अवारान जिले के बुंगुल बाजार इलाके में हुई थी।

आम आबादी वाले इलाकों के करीब दागे मोर्टार

संगठन ने बताया कि कथित तौर पर बलूच सशस्त्र समूहों द्वारा पास के एक सैन्य शिविर पर हमला किए जाने के बाद, पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने आम आबादी वाले इलाकों के करीब मोर्टार दागे और कई भारी हथियारों का इस्तेमाल किया। इस गोलाबारी के दौरान, एक मोर्टार बुंगुल बाजार स्थित रिहायशी इलाके में गिरा। इससे एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई।

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/doctor-robbed-and-assaulted-near-cm-house-in-bhopal/156560

भोपाल में सीएम हाउस के पास दिनदहाड़े डॉक्टर से लूट, मिर्च पाउडर डालकर हमला