पेंटागन की रिपोर्ट- होर्मुज से सुरंगें हटाने में लगेंगे छह माह
वाशिंगटन (अमेरिका)। अमेरिका के रक्षा विभाग- पेंटागन ने अमेरिकी कांग्रेस सूचित किया है कि ईरान की सेना द्वारा बिछाई गई बारूदी सुरंगों को हटाने में करीब छह महीने का समय लग सकता है। यह युद्धविराम के बावजूद क्षेत्रीय स्थायित्व के मार्ग में सबसे बड़ी बाधा है और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और कीमतों पर बड़ा असर पड़ने की आशंका है।
जलमार्ग बहाली में लंबा समय लगने की आशंका
पेंटागन ने अमेरिकी सांसदों को जानकारी दी कि होर्मुज जलडमरूमध्य से सामान्य आवाजाही तुरंत बहाल नहीं हो पाएगी। ईरानी सेना द्वारा बिछाई गई बारूदी सुरंगों को हटाने में लगभग छह महीने का समय लग सकता है। गौरतलब है कि 28 फरवरी को युद्ध शुरू होने के बाद से ही इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग में यातायात प्रभावित है।
गोपनीय ब्रीफिंग में हुआ बड़ा खुलासा
अमेरिकी अखबार 'द वॉशिंगटन पोस्ट' के मुताबिक, सांसदों के लिए आयोजित एक गोपनीय ब्रीफिंग में पेंटागन ने यह आकलन साझा किया। इसमें बताया गया कि सुरंगों को हटाने में लंबा समय लगेगा, जिससे फिलहाल ऊर्जा की कीमतों में राहत मिलने की संभावना कम है। अमेरिका में मध्यावधि चुनावों तक पेट्रोल और तेल की कीमतें ऊंची बनी रह सकती हैं।
संघर्ष खत्म हुए बिना हटाना मुश्किल
पेंटागन ने कांग्रेस को बताया कि ईरानी सेना ने होर्मुज में बड़े पैमाने पर बारूदी सुरंगें बिछाई हैं। इनको हटाने के लिए करीब छह महीने का समय चाहिए। सबसे बड़ी चुनौती यह है कि जब तक अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष पूरी तरह खत्म नहीं होता, तब तक इन सुरंगों को हटाने का अभियान शुरू करना संभव नहीं है। इसका मतलब है कि इस युद्ध का आर्थिक असर साल के अंत तक या उससे भी आगे तक जारी रह सकता है।
अमेरिकी सांसदों में बढ़ी चिंता
रिपोर्ट के अनुसार, पेंटागन ने मंगलवार को ‘हाउस आर्म्ड सर्विसेज कमेटी’ के सदस्यों को यह ब्रीफिंग दी। यह पहली बार है जब अमेरिकी अधिकारियों ने होर्मुज जलमार्ग में बारूदी सुरंगों और उनके असर को लेकर इतनी विस्तृत जानकारी साझा की है। इस खुलासे के बाद अमेरिकी सांसदों ने चिंता और निराशा जताई है, खासकर ईंधन की कीमतों पर इसके प्रभाव को लेकर।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/world/trump-plans-nato-good-and-bad-ally-list/178597