पश्चिम एशिया में ताजा हमलों के बाद कच्चा तेल 100 डॉलर प्रति बैरल के पार
न्यूयॉर्क : पश्चिम एशिया में तेल संयंत्रों और टैंकर पर हमलों के बाद कच्चे तेल की कीमत करीब छह सप्ताह में पहली बार 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है। इन हमलों से पहले से कमजोर आपूर्ति श्रृंखला के और प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।
ब्रेंट क्रूड शुरुआती कारोबार में 100 डॉलर के पार
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चे तेल का सबसे अधिक कारोबार वाला वायदा अनुबंध मंगलवार को 97.89 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ था। इसकी कीमत बुधवार को शुरुआती कारोबार में कुछ समय के लिए 100 डॉलर प्रति बैरल के पार हो गई।
पेट्रोल-डीजल से लेकर खाद्य पदार्थों तक असर की आशंका
कच्चे तेल की कीमत बढ़ने से पेट्रोल, डीजल और विमान ईंधन के दाम भी बढ़ सकते हैं। इससे यात्रा की लागत बढ़ने के साथ-साथ ताजा खाद्य पदार्थों और फर्नीचर तथा घरेलू उपकरणों जैसी लंबी दूरी तक भेजी जाने वाली वस्तुओं की कीमतों पर भी असर पड़ सकता है।
ईरान के तेल टैंकरों और सऊदी संयंत्रों पर हमले
बाजार में यह प्रतिक्रिया उस समय आई जब अमेरिकी सेना ने बताया कि उसने अपने नौसैनिक युद्धपोत पर हुए मिसाइल हमले की कोशिश के जवाब में ईरान के पांच तेल टैंकर को निशाना बनाया। इसके अलावा, ईरान समर्थित हूती विद्रोही समूह के हमलों से सऊदी अरब में तेल संयंत्रों में आग लग गई।
यह भी पढ़: श्रीलंकाई जेल में उपद्रव में मारे गए भारतीय नागरिक का अंतिम संस्कार, चार दशक से चेन्नई में रह रहा था