विनाशकारी भूकंप के बाद मरने वालों की संख्या 235
काराकास,(वेनेजुएला)। स्वास्थ्य मंत्री कार्लोस अल्वाराडो ने गुरुवार शाम को जानकारी दी, कि वेनेजुएला में आए दो विनाशकारी भूकंप के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 235 हो गई है, जबकि घायलों की कुल संख्या 4,300 तक पहुंच गई है। अपने बयान में उन्होंने बताया, कि अधिकांश घायलों को हल्की चोटें आई हैं, लेकिन कुछ मामलों में स्थिति गंभीर है और सर्जरी की आवश्यकता पड़ी है। मंत्री के अनुसार, कई पीड़ितों को अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित किया गया, जबकि कुछ में पहले से ही मृत थे।
राहत और सहायता कार्य लगातार जारी
इस बीच वेनेजुएला में राहत और सहायता कार्य लगातार जारी हैं। सैकड़ों स्वयंसेवक काराबल्लेडा और वर्गास जैसे प्रभावित इलाकों में सक्रिय हैं और वहां पानी, भोजन, दवाइयों तथा अन्य जरूरी सामान की आपूर्ति कर रहे हैं। मारिया कोरिना मचाडो की पार्टी वेंटे वेनेजुएला ने X पर बताया, कि लोग एकजुटता दिखाते हुए न केवल राहत सामग्री पहुंचा रहे हैं, बल्कि पानी, लंबे समय तक सुरक्षित रहने वाला भोजन, मेडिकल सप्लाई, कपड़े और अन्य आवश्यक वस्तुओं का भी बड़े पैमाने पर संग्रह कर रहे हैं।
पूरे देश को व्यापक स्तर पर पहुंचा नुकसान
इसके अलावा, अमेरिका ने वेनेजुएला में राहत और बचाव कार्यों में सहयोग के लिए अपनी सैन्य इकाइयों को भी तैनात किया है। अमेरिकी विदेश विभाग के निर्देश पर साउदर्न कमांड ने बड़े पैमाने पर मानवीय सहायता अभियान के तहत C-17 ग्लोबमास्टर और C-130 हरक्यूलिस जैसे सैन्य परिवहन विमानों को भेजा है। इस कदम का उद्देश्य उन क्षेत्रों तक तेजी से और भारी मात्रा में राहत सामग्री पहुंचाना है, जो भूकंपों से सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। भूकंप से पूरे देश को व्यापक स्तर पर नुकसान पहुंचा है।
SOUTHCOM ने X पर जारी किया बयान
SOUTHCOM ने X पर जारी एक बयान में कहा, "जब हर क्षण महत्वपूर्ण होता है, तब राहत पहुंचाना प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से वेनेजुएला में भूकंप राहत कार्यों के लिए C-17 ग्लोबमास्टर और C-130 हरक्यूलिस जैसे परिवहन विमानों को तैनात किया गया है, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में तेजी से सहायता और बचाव दल पहुंच सके।" बयान में आगे बताया गया, कि C-17 विमान अपनी भारी माल ढोने की क्षमता के कारण आपदा क्षेत्रों तक बड़ी मात्रा में राहत सामग्री और उपकरण पहुंचाने में सक्षम है, जबकि C-130 हरक्यूलिस लंबे समय से संकट की स्थितियों में त्वरित और प्रभावी हवाई सहायता प्रदान करने के लिए इस्तेमाल किया जाता रहा है।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने व्यक्त किया दुख
इससे पहले संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने भूकंप से हुए भारी जानमाल के नुकसान पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा, कि संयुक्त राष्ट्र ने आपातकालीन राहत प्रयासों को तेज कर दिया है और प्रभावित लोगों तक मदद पहुंचाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने अपने संदेश में लिखा, कि वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंपों से हुई तबाही और जनहानि अत्यंत दुखद है। संयुक्त राष्ट्र अपनी विभिन्न एजेंसियों के माध्यम से सहायता जुटा रहा है और वेनेजुएला सरकार व अन्य साझेदारों के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग कर रहा है।गुटेरेस ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
फ्रांस और स्विट्जरलैंड ने वेनेजुएला में भेजा राहत एवं बचाव टीम
इसके बाद वैश्विक सहयोग और एकजुटता के तहत फ्रांस और स्विट्जरलैंड ने वेनेजुएला में राहत एवं बचाव टीम भेजीं हैं। राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के निर्देश पर फ्रांस ने नागरिक सुरक्षा की चौथी और सातवीं रेजिमेंट से एक विशेष दल भेजा है। इस टीम में डॉक्टर, खोजी कुत्ते और ढही हुई इमारतों से लोगों को निकालने में विशेषज्ञ शामिल हैं, जो कठिन परिस्थितियों में काम करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। फ्रांसीसी नागरिक सुरक्षा और संकट प्रबंधन महानिदेशालय ने X पर कहा कि यह मिशन अंतरराष्ट्रीय सहयोग और मानवीय सहायता के प्रति फ्रांस की प्रतिबद्धता को दर्शाता है और इसे यूरोपीय साझेदारों के साथ मिलकर संचालित किया जा रहा है। इसी बीच, स्विट्जरलैंड ने भी अपनी “Swiss Rescue Chain” टीम को ज्यूरिख से कराकस के लिए रवाना किया है, जिसमें विशेषज्ञ, खोजी कुत्ते और भारी मात्रा में बचाव उपकरण शामिल हैं, ताकि मलबे में फंसे लोगों की तलाश और सहायता की जा सके। (एएनआई)
यह भी पढ़ेंः मां कामाख्या मंदिर में अंबुबाची मेला 2026 श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न