पाकिस्तान के दक्षिण वज़ीरिस्तान में एक घर पर क्वाड

दक्षिण वज़ीरिस्तान में ड्रोन हमले में 3 बच्चियों की मौत, कई घायल; घटना के बाद उठे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

Drone Strike Kills 3 Girls in South Waziristan

पेशावर: पाकिस्तान के दक्षिण वज़ीरिस्तान जिले की बिरमल तहसील के नरगासी इलाके में एक रिहायशी मकान पर हुए क्वाडकॉप्टर ड्रोन हमले में तीन बच्चियों की मौत हो गई, जबकि परिवार के चार अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना रविवार तड़के हुई।

घर पर गिराया गया बम

रिपोर्ट के अनुसार, ड्रोन से गिराया गया बम सीधे मोहम्मद गुल वज़ीर के घर पर गिरा। इस हमले में 6 से 15 वर्ष की आयु की तीन बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल एक महिला और तीन लड़कों को इलाज के लिए वाना स्थित जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया।

प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल

घटना के बाद अब तक पाकिस्तानी अधिकारियों की ओर से हमले के कारण, जिम्मेदार लोगों या घटना की प्रकृति को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। इसे लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। हमले के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग की है, ताकि हमले के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।

पहले भी हो चुके हैं ऐसे हमले

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बिरमल जिले के आज़म वारसक, गुलडोना घुंदई, करमाज़ी और कलोटाई समेत कई इलाकों में पहले भी इसी तरह के ड्रोन हमले हो चुके हैं। इन घटनाओं में कई लोगों की जान जा चुकी है, जिससे सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों में लगातार भय का माहौल बना हुआ है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल

रिपोर्ट में कहा गया है कि पिछले करीब 18 महीनों में दक्षिण वज़ीरिस्तान में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बम धमाकों, लक्षित हत्याओं, फिरौती के लिए अपहरण, जबरन वसूली और सुरक्षाबलों पर हमलों जैसी घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है, जिससे क्षेत्र में असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है।

(एएनआई)

यह भी पढ़े: सनकोटा बायपास पर प्याज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, सड़क पर बिखरीं सैकड़ों बोरियां