एफबीआई ने भारतीय नागरिक अमृतपाल सिंह को कथित अंतरर

FBI ने भारतीय नागरिक अमृतपाल सिंह को ड्रग तस्करी मामले में मोस्ट वांटेड सूची में डाला

FBI Adds Indian National Amritpal Singh to Most Wanted List in Drug Trafficking Case

वॉशिंगटन डीसी (अमेरिका)। अमेरिकी संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) ने बताया है कि भारतीय नागरिक अमृतपाल सिंह को उत्तरी अमेरिका में सक्रिय एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी गिरोह में कथित संलिप्तता के आरोप में एफबीआई की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल किया गया है। ब्यूरो के अनुसार, सिंह वैंकूवर, कनाडा स्थित अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क, रविंदर ढांडा संगठित अपराध समूह में अपनी कथित भूमिका के लिए वांछित है।

अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में ड्रग तस्करी करता था गिरोह 

आरोप है, कि यह गिरोह अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में सक्रिय ड्रग तस्करी गिरोहों की ओर से बड़ी मात्रा में कोकीन और मेथम्फेटामाइन की तस्करी करता था। एफबीआई ने बताया कि सिंह पर संगठित अपराध नेटवर्क के हिस्से के रूप में कोकीन और मेथम्फेटामाइन की तस्करी की साजिश में शामिल होने का आरोप है। सिंह को मोस्ट वांटेड सूची में शामिल करना ऑपरेशन हार्डबॉल के तहत रविंदर ढांडा गिरोह पर व्यापक कार्रवाई के बीच हुआ है। यह जांच उत्तरी अमेरिका में गिरोह के कथित ड्रग तस्करी अभियानों को खत्म करने के उद्देश्य से की जा रही है। लॉस एंजिल्स की एक अदालत ने 23 जून को सिंह के खिलाफ संघीय गिरफ्तारी वारंट जारी किया।

आरोपियों के वर्तमान ठिकाने का खुलासा नहीं

अधिकारियों ने सिंह के वर्तमान ठिकाने का खुलासा नहीं किया है। एफबीआई ने सिंह की पहचान 7 जनवरी, 1996 को जन्मे भारतीय नागरिक के रूप में की है और उनकी पहचान में सहायता के लिए 2024 में ली गई एक तस्वीर जारी की है। जनता से सिंह के ठिकाने के बारे में कोई भी जानकारी तुरंत देने का आग्रह किया गया है। इस जांच का नेतृत्व एफबीआई का लॉस एंजिल्स फील्ड ऑफिस कर रहा है। (एएनआई)

यह भी पढ़ेंः जॉर्डन में अमेरिकी ठिकाने पर मिसाइल हमले के बाद अमेरिका ने ईरान पर हवाई हमले फिर किए