Khyber Pakhtunkhwa : डेरा इस्माइल खान (पाकिस्तान)।

खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आत्मघाती हमला, पांच मरे

खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आत्मघाती हमला, पांच मरे

Khyber Pakhtunkhwa : डेरा इस्माइल खान (पाकिस्तान)। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शुक्रवार रात डेरा इस्माइल खान के कुरैशी मोर इलाके में पीस कमेटी प्रमुख नूर आलम महसूद के घर पर आत्मघाती हमले में कम से कम पांच लोग मारे गए। इस हमले में दस से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। घायलों में खुद नूर आलम महसूद भी शामिल हैं। 

हमला उस वक्त हुआ, जब घर में शादी का कार्यक्रम चल रहा था। लोग ढोल की धुन पर नाच रहे थे, तभी जोरदार धमाका हुआ। धमाके से कमरे की छत गिर गई। इससे कई लोग मलबे में दब गए और बचाव काम में काफी दिक्कत आई। 

ज्ञात हुआ है कि हमलावर ने खुद को उड़ा लिया था।  धमाके के बाद कुछ देर फायरिंग की भी खबर है। डॉन न्यूज ने अपनी रिपोर्ट में लिखा कि रेस्क्यू 1122 के अनुसार मौके से पांच शव और दस घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों को जिला मुख्यालय अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां इमरजेंसी लागू कर दी गई। सात एंबुलेंस, फायर वाहन और आपदा वाहन तुरंत मौके पर भेजे गए। मरने वालों में पीस कमेटी के सदस्य वहीदुल्लाह महसूद उर्फ जिगरी महसूद और वकील अब्दुल मजीद लगरी शामिल हैं। एक युवक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। 

पीस कमेटी समुदाय आधारित समूह हैं

पीस कमेटी पाकिस्तान के आदिवासी और संघर्ष वाले इलाकों, जैसे खैबर पख्तूनख्वा और पूर्व फाटा (फेडरली एडमिनिस्टर्ड ट्राइबल एरियाज) में स्थानीय स्तर पर गठित अनौपचारिक समुदाय-आधारित समूह हैं। ये समितियां सुरक्षा बलों के साथ सहयोग करके शांति बनाए रखने, उग्रवाद का विरोध करने, स्थानीय विवादों को सुलझाने और आतंकवादी गतिविधियों की रिपोर्टिंग में मदद करती हैं। ये कोई राजनीतिक पार्टी नहीं हैं, बल्कि स्थानीय बुजुर्गों, जनजातीय नेताओं और समुदाय के सदस्यों की ओर से बनाई गई अनौपचारिक संरचनाएं हैं, जो अक्सर सरकार की ओर से समर्थित होती हैं, लेकिन औपचारिक रूप से कोई राजनीतिक संगठन नहीं।

यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/pm-modi-flags-off-amrit-bharat-trains-said-left-and-congress-have-failed/106063