अयातुल्ला खामेनेई के अंतिम विदाई समारोह में ग़ालिबफ़ और अराग़ची हुए भावुक
तेहरान,(ईरान)। ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार समारोह के दौरान शुक्रवार को तेहरान में शोक का माहौल देखने को मिला। फ़ार्स न्यूज़ एजेंसी के अनुसार, ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बगेर ग़ालिबफ़ और विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची दिवंगत नेता को अंतिम विदाई देते समय भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।
अंतिम संस्कार के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था
यह समारोह उन शोक कार्यक्रमों की शुरुआत का हिस्सा था, जो खामेनेई के निधन के बाद आयोजित किए जा रहे हैं। ईरानी अधिकारियों के अनुसार, उनकी मृत्यु इस वर्ष 28 फरवरी को हुए अमेरिकी-इज़राइली हमलों में हुई थी। तेहरान के गवर्नर मोहम्मद सादेघ मोतामादियन ने बताया, कि अंतिम संस्कार के दौरान व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा, कि तेहरान के ग्रैंड मोसल्ला के द्वार शनिवार सुबह 6 बजे आम लोगों के लिए खोले जाएंगे और लोगों से निर्धारित समय के अनुसार पहुंचने की अपील की गई है।
भारत की ओर से विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा और बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने किया प्रतिनिधित्व
फ़ार्स न्यूज़ के मुताबिक, इराकी अधिकारियों ने भी अंतिम संस्कार जुलूस के मद्देनज़र बगदाद में विशेष व्यवस्थाएं लागू करने की घोषणा की। अंतिम संस्कार में भारत की ओर से विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा और बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने प्रतिनिधित्व किया। भारत में ईरान के दूतावास ने सोशल मीडिया मंच X पर दोनों नेताओं द्वारा अयातुल्ला खामेनेई को श्रद्धांजलि अर्पित किए जाने की जानकारी साझा की। दूतावास द्वारा जारी तस्वीरों में पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती, कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी दिखाई दिए।
अनेक देशों के राष्ट्राध्यक्ष, प्रधानमंत्री, मंत्री और उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल पहुंचे ग्रैंड मोसल्ला
प्रेस टीवी के अनुसार, तेहरान के ग्रैंड मोसल्ला में आयोजित इस श्रद्धांजलि समारोह में ईरान के शीर्ष राजनीतिक और न्यायिक नेतृत्व के अलावा अनेक देशों के राष्ट्राध्यक्ष, प्रधानमंत्री, मंत्री और उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल शामिल हुए। समारोह में ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन, संसद अध्यक्ष मोहम्मद बगेर ग़ालिबफ़, न्यायपालिका प्रमुख गुलाम-हुसैन मोहसेनी एजेई और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
लगभग 100 देशों के प्रतिनिधियों और प्रमुख सार्वजनिक हस्तियों की भागीदारी की उम्मीद
ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाई ने बताया, कि अंतिम संस्कार में कम से कम आठ देशों के राष्ट्राध्यक्ष या प्रधानमंत्री, 12 देशों के संसदीय अध्यक्ष तथा अनेक देशों के विदेश मंत्री, विशेष दूत और अन्य उच्चस्तरीय प्रतिनिधि शामिल हुए। उन्होंने कहा, कि लगभग 100 देशों के प्रतिनिधियों और प्रमुख सार्वजनिक हस्तियों की भागीदारी की उम्मीद है। बगाई ने यह भी कहा, कि पूर्वी यूरोप के कई देशों के प्रतिनिधिमंडलों को आमंत्रित किया गया है, जबकि जिन यूरोपीय देशों ने आधिकारिक रूप से ईरान के खिलाफ इज़राइल और अमेरिका की सैन्य कार्रवाई का समर्थन किया था, उन्हें निमंत्रण नहीं भेजा गया।
9 जुलाई को मशहद में होगा अंतिम संस्कार
प्रेस टीवी के अनुसार, यह समारोह हाल के वर्षों में ईरान में आयोजित सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में से एक माना जा रहा है। ईरानी अधिकारियों का अनुमान है कि कई दिनों तक चलने वाले अंतिम संस्कार कार्यक्रम में 1.5 से 2 करोड़ लोगों के शामिल होने की संभावना है। अंतिम संस्कार की रस्में सप्ताह के अंत तक जारी रहेंगी। इसके बाद पार्थिव शरीर को तेहरान से अंतिम यात्रा के लिए ले जाया जाएगा। आगे के कार्यक्रमों में क़ोम, बगदाद, कर्बला और नजफ़ में श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किए जाएंगे, जबकि 9 जुलाई को मशहद में अंतिम संस्कार किया जाएगा। (एएनआई)
यह भी पढ़ेंः UN मुख्यालय के बाहर आत्मदाह करने वाले तिब्बती कार्यकर्ता को धर्मशाला और लद्दाख में श्रद्धांजलि